नंदुरबार: महाराष्ट्र (Maharashtra Politics) में कांग्रेस (Congress) को एक के बाद एक बड़ा झटका लग रहा है। कांग्रेस के नेता पद्माकर वलवी (Padmakar Valvi) भाजपा (BJP) में शामिल हो गए हैं। वलवी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले और अशोक चव्हाण की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए। पद्माकर वलवी नंदुरबार जिले से 3 बार विधायक रहें हैं। वे उत्तर महाराष्ट्र के बड़े कांग्रेस नेता हैं और कांग्रेस-एनसीपी की पिछली सरकार में मंत्री रह चुके हैं। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा कल ही नंदुरबार जिले में पहुंची थी। पद्माकर वलवी के भाजपा ज्वाइन करने से कांग्रेस को नंदुरबार में बड़ा झटका लगा है।
कांग्रेस में समन्वय का अभाव : वलवी
भाजपा में शामिल होने के बाद पद्माकर वलवी ने कहा कि भाजपा के काम करने की गति, राज्य से लेकर केंद्र तक पार्टी की बनाई योजना लोगों तक पहुंचती है। इसका असर देखने को मिल सकता है। हम कांग्रेस के सच्चे कार्यकर्ता वर्षों से परेशान थे। मैं एक साल तक परेशान रहा। मुझे उम्मीद थी कि लोकसभा चुनाव में पार्टी के लिए प्रचार करने का मौका मिलेगा। कांग्रेस में लोग वाकई परेशान हैं। कांग्रेस संगठन के प्रबंधन में कोई समन्वय नहीं है। पार्टी (भाजपा ) मुझे जो भी भूमिका सौंपेगी, मैं उसे निभाऊंगा।
अशोक चव्हाण की प्रतिक्रिया
इस बीच भाजपा के राज्यसभा सांसद अशोक चव्हाण का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, “जो लोग कांग्रेस में हैं, उन्हें अपना भविष्य नहीं दिख रहा है। कई लोग भाजपा में आने को तैयार हैं। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएंगे, कई और लोग भाजपा में शामिल होंगे। सीएए पर चव्हाण ने कहा, सीएए पर यह स्वाभाविक है कि केरल और कर्नाटक की सरकारें बाधाएं पैदा करेंगी।