महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में ताडोबा महोत्सव 2024 (Tadoba Festival 2024) में अनोखा वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया है। राज्य के वन विभाग ने हजारों पौधों की मदद से यह विश्व रिकॉर्ड बनाया है। इसमें 26 प्रकार के पौधों का इस्तेमाल किया गया है।
महाराष्ट्र वन विभाग ने 65,724 पौधों की मदद से ‘भारतमाता’ लिखकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। इसमें 26 प्रकार के पौधों का इस्तेमाल किया गया है। महाराष्ट्र के वन मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने कहा कि यह वर्ल्ड रिकॉर्ड सिर्फ प्रमाणपत्र के लिए नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए बनाया गया है।
पौधों को इस तरह से रखा गया है कि जिससे ‘भारत माता’ शब्द बने। वन मंत्री मुनगंटीवार ने इसका वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। उन्होंने चंद्रपुर में आयोजित ‘ताडोबा महोत्सव 2024’ में इन उपलब्धियों को हासिल करने के लिए वन विभाग को बधाई दी है।
तीन दिवसीय ताडोबा महोत्सव 2024 एक मार्च को शुरू हुआ और 3 मार्च को समाप्त हुआ। यह महोत्सव ताडोबा-अंधारी टाइगर रिजर्व (टीएटीआर) द्वारा वन्यजीव संरक्षण, टिकाऊ पर्यटन और महाराष्ट्र की विरासत के संरक्षण को प्रोत्साहन देने के लिए आयोजित किया जाता है।