महाराष्ट्र से आई एक और बुरी खबर, BJP विधायक राजेंद्र पाटनी का हार्ट अटैक से निधन

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ शिवसेना नेता मनोहर जोशी के निधन के बाद राजनीतिक गलियारों से एक और बुरी खबर आई है। विदर्भ क्षेत्र के बीजेपी विधायक राजेंद्र पाटनी का निधन (BJP MLA Rajendra Patni Passed Away) हो गया है। वह वाशिम जिले के कारंजा विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक थे। 59 वर्षीय पाटनी पिछले कई महीनों से बीमारी से जूझ रहे थे। डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, बीजेपी नेता राजेंद्र पाटनी का मुंबई में इलाज चल रहा था, लेकिन आज सुबह करीब 8:30 बजे राजेंद्र पाटनी का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उन्होंने 59 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। वह फडणवीस के विश्वासपात्र माने जाते थे। पाटनी की मौत से बीजेपी को वाशिम में बड़ा झटका लगा है।
ऐसा रहा सियासी सफर
राजेंद्र पाटनी ने पहले विधान परिषद और विधानसभा में शिवसेना का प्रतिनिधित्व किया। वह 1997 से 2003 तक विधान परिषद में शिवसेना से विधायक रहे। वह पहली बार 2004 में शिवसेना के टिकट पर कारंजा विधानसभा क्षेत्र से विधायक बने। इसके बाद 2014 और 2019 में बीजेपी से लगातार दो बार विधायक चुने गए।
जमीनी नेता थे राजेंद्र पाटनी
2009 में एनसीपी के प्रकाश डहाके से राजेंद्र पाटनी हार गए और फिर 2014 में बीजेपी में शामिल हो गए। बीजेपी के जिला अध्यक्ष के रूप में भी पाटनी ने पार्टी को मजबूत किया है। क्षेत्र में उनकी पहचान विद्वान, मृदुभाषी और विकास को बढ़ावा देने वाले नेता के तौर पर हैं। ऐसे में 2024 लोकसभा चुनाव से चंद महीने पहले उनका दुनिया को अलविदा कहना बीजेपी के लिए बड़ा झटका है।
पाटनी का जाना मेरी व्यक्तिगत हानि- फडणवीस
वरिष्ठ बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा, विधानसभा में मेरे सहयोगी राजेंद्र पाटनी जी का आज निधन हो गया। वह पिछले कुछ महीनों से बीमारी से जूझ रहे थे। हम सभी को उम्मीद थी कि वे इस संकट से बाहर आ जायेंगे। लेकिन आज वह दुनिया छोड़ चले गए। बीजेपी ने ग्रामीण मुद्दों की जानकारी रखने वाला एक जन प्रतिनिधि खो दिया है। पश्चिम विदर्भ की समस्याओं के समाधान के लिए वे सदैव तत्पर रहते थे। वह सिंचाई की समस्या का समाधान करने पर लगातार जोर देते थे। उनका निधन मेरी व्यक्तिगत क्षति है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *