एसजी हाईवे हादसा: डंपर ने बाइक सवारों को रौंदा, सामने आया खौफनाक सीसीटीवी फुटेज

अहमदाबाद के एसजी हाईवे पर एक बार फिर भीषण हादसा हुआ। घटना करीब 2:50 बजे अहमदाबाद के एसजी हाईवे की है। कारगिल पेट्रोल पंप के पास हुई इस सड़क दुर्घटना का रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सामने आया है। हाईवे पर हादसे में एक डंपर ने बाइक सवार दो लोगों को कुचल दिया। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है किस तरह से डंपर ने अचानक रफ्तार से मोड़ लेते हुए पीछे से बाइक सवार को पहले टक्कर मारी फिर उसे रौंदते हुए आगे निकल गया। इस दौरान एक्सीडेंट की आवाज सुनकर सड़क पर गुजर रहे राहगीर डंपर की तरफ भागते हैं। हादसे के बाद बाइक सवार युवकों को निकालने की पूरी कोशिश की जाती है। मगर बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी।
गंभीर दुर्घटना के बाद आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। लोगों द्वारा इस हादसे की सूचना पुलिस और 108 को दी गई। जिसके बाद गंभीर चोटों से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए सोला सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उसकी हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। जबकि मृत युवक के शव को भी पोस्टमॉर्टम के लिए सोला सिविल अस्पताल ले जाया गया।
पीड़ितों की पहचान अहमदाबाद के चाणक्यपुरी में रहने वाले मूल रूप से डूंगरपुर निवासी बाइक चालक दिनेश जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। और पीछे बैठे दिलपत अंदानी जो गंभीर रूप से घायल हुआ था के रूप में की गई है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच की और मामला दर्ज कर ट्रक ड्राइवर को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार राजस्थान के रजिस्ट्रेशन नंबर वाली बाइक पर सवार दो लोगों को डंपर ने टक्कर मारी थी।
बता दें कि पिछले काफी समय से बड़े भारी वाहनों से दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। यहां जल्दी-जल्दी में निकलने के चक्कर में दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *