गोवा में कांग्रेस-AAP एक साथ:गोवा AAP प्रमुख बोले- यह गठबंधन विधानसभा चुनावों के लिए भी जारी रह सकता है

लोकसभा चुनाव 2024 के लिए गोवा की दोनों लोकसभा सीट- साउथ और नॉर्थ पर AAP और कांग्रेस मिलकर चुनाव लड़ेंगीं। सप्ताह की शुरुआत में AAP ने साउथ गोवा की सीट पर दावेदारी ठोकी थी और उम्मीदवार का नाम भी घोषित किया था।

हालांकि, शुक्रवार (16 फरवरी) को AAP गोवा प्रमुख अमित पालेकर ने कहा कि I.N.D.I.A की सहयोगी AAP और कांग्रेस मिलकर गोवा में लोकसभा चुनाव लड़ेंगीं। दोनों पार्टी के बीच दरार नहीं है। दरअसल, वर्तमान में गोवा साउथ से कांग्रेस नेता फ्रांसिस्को सरदिन्हा सांसद हैं।

अमित पालेकर ने कहा कि साउथ गोवा से AAP प्रत्याशी वेन्जी वीगास का नाम घोषित करना चुनावी रणनीति का हिस्सा था। इसे I.N.D.I.A में फूट के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। विपक्षी पार्टियों के बीच वोटों के बंटवारे से बीजेपी को बढ़त मिलती है।

पालेकर ने कहा कि हम यह सुनिश्चित करेंगे कि हमारे वोट बरकरार रहें। हम वोटों को बंटने नहीं देंगे। यह गठबंधन (कांग्रेस और AAP) 2027 के गोवा विधानसभा चुनावों के लिए भी जारी रह सकता है। कांग्रेस पार्टी से गोवा में सीट बंटवारे पर चर्चा हुई है। फिलहाल यह नहीं बता सकता कि क्या चर्चा हुई। सही समय पर इसका खुलासा किया जाएगा। AAP कैडर I.N.D.I.A ब्लॉक का समर्थन करता है।

I.N.D.I.A गठन के साथ बदली स्थिति
साल 2022 में गोवा के विधानसभा चुनाव के दौरान AAP ने कहा था कि कांग्रेस को वोट देना BJP को वोट देने जैसा है। इस सवाल पर अमित पालेकर ने कहा कि I.N.D.I.A के गठन से स्थिति बदल गई है। AAP के साथ आने से कांग्रेस को अपना गोल्डन टच वापस मिल गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *