
मुंबई। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। यहां एक 80 वर्षीय बुजुर्ग यात्री बाबू पटेल की व्हीलचेयर ना मिलने से दुखद मौत हो गई। इसको लेकर डीजीसीए ने एयर इंडिया को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
यह घटना 12 फरवरी, 2024 को न्यूयॉर्क से एयर इंडिया की उड़ान AI-116 के आगमन पर हुई थी। बाबू पटेल ने अपनी 76 वर्षीय पत्नी नर्मदाबेन पटेल के साथ सहायता के लिए व्हीलचेयर बुक की थी। हालांकि, फ्लाइट से उतरने के बाद उन्हें केवल एक ही व्हीलचेयर उपलब्ध हो पाई, जिसकी वजह से पटेल को अपनी पत्नी के साथ चलना पड़ा।
दस्तावेजों की चेकिंग के लिए बुजुर्ग को पैदल चलना पड़ा
बाबू पटेल की दस्तावेजों की चेकिंग के लिए पैदल चलना पड़ा, जिससे उनकी हार्ट अटैक से मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि इमिग्रेशन काउंटर पर दस्तावेजों की जांच के दौरान वह अचानक गिर गए। इसके बाद उन्हें नजदीक के नानावती अस्पताल ले जाया गया, जहां पर डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बुजुर्ग के पास अमेरिकी पासपोर्ट था
भारतीय मूल के बुजुर्ग के पास अमेरिकी पासपोर्ट था। पुलिस ने कहा, मुंबई में अंधेरी ईस्ट के सहार पुलिस स्टेशन ने एडीआर के तहत मामला दर्ज किया है और आगे की जांच जारी है। एयर इंडिया ने एक बयान में इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। इसके साथ ही सफाई देते हुए कहा 12 फरवरी को मेहमानों द्वारा अधिक संख्या में व्हीलचेयर की मांग कारण हमने उनसे इंतजार का अनुरोध किया था।