पत्नी के सामने ठेकेदार की बेरहमी से हत्या

  • 6 लोगों ने घात लगाकर मारा

नवी मुंबई। मुंबई के करीब नवी मुंबई शहर में पुराने विवाद को लेकर छह बदमाशों ने 30 वर्षीय एक श्रमिक ठेकेदार की हत्या कर दी। ठेकेदार को बचाने गयी उसकी पत्नी भी घायल हो गयी है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना मंगलवार शाम को नेरुल इलाके के सेक्टर 10 में हुई। मृतक का नाम चिराग लोके है। पुलिस ने बताया कि मृतक और आरोपी दोनों आपराधिक पृष्ठभूमि के है और उनके खिलाफ गंभीर अपराध दर्ज हैं।

रॉड और धारदार हथियार लाये थे बदमाश
चिराग लोके श्रमिक ठेकेदार का काम करता था और उस पर हमला करने वाला मुख्य आरोपी भी वही काम करता है। उनके बीच जेल में साथ रहने के दौरान दोस्ती हुई थी। काम को लेकर उनमें कथित तौर पर विवाद हो गया था। नेरुल पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि दोनों मुंबई के मानखुर्द इलाके में काम करना चाहते थे। इसी विवाद को लेकर 9 फरवरी को चिराग और उसकी पत्नी को लेकर आरोपियों ने धमकाया भी था। इसके बाद मंगलवार को जब ठेकेदार चिराग अपनी पत्नी के साथ घर लौट रहा था, तभी आरोपी ने अपने पांच अन्य साथियों के साथ उन्हें बीच रास्ते में रोक लिया।

6 लोगों ने मिलकर मारा
पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने दंपति पर लोहे की छड़ों और धारदार हथियारों से हमला किया। चिराग की मौके पर ही मौत हो गई और उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नेरुल पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर छह लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 302 (हत्या) और 307 (हत्या का प्रयास), और शस्त्र अधिनियम एवं महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम के प्रावधान के तहत केस दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *