चलती ट्रेन में चढऩे के प्रयास में बुजुर्ग दंपती प्लेटफार्म के गैप में गिरे, आरपीएफ ने बचाया

सूरत रेलवे स्टेशन पर रविवार रात जयपुर-पुणे सुपरफास्ट ट्रेन से कल्याण जा रहे एक बुजुर्ग दंपती चलती ट्रेन में चढऩे के प्रयास में पायदान से फिसल गए। वे ट्रेन और प्लेटफार्म के गैप में फंस गए, लेकिन प्लेटफार्म पर मौजूद आरपीएफ जवान ने उनको बाहर निकाल जान बचा ली। इस घटना में 23 सेकंड का वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें आरपीएफ और अन्य यात्रियों को बुजुर्ग दंपती को बचाते हुए देखा जा सकता है। सूत्रों के अनुसार, उधना बीआरसी गेट हरिनगर तीन निवासी एक बुजुर्ग दंपती रजनीश कुमार रामाश्रय श्रीवास्तव (61) और पत्नी शंकुतला रजनीश श्रीवास्तव (59) को ट्रेन संख्या जयपुर-पुणे सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन में सूरत से कल्याण जाना था। उन्होंने पहले से अपना रिजर्वेशन करवा रखा था। उनकी सीट संख्या एस-1 में 77 और एस-2 में 61 थी। सूरत रेलवे स्टेशन से जयपुर-पुणे सुपरफास्ट एक्सप्रेस रविवार रात 1.20 बजे रवाना हुई। इसी दौरान रजनीश और शकुंतला चलती ट्रेन में चढऩे का प्रयास किया और पायदान से फिसलकर गैप में गिर गए।

बुजुर्ग दंपती को प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच फंसता देखकर वहां मौजूद आरपीएफ के एएसआई इसरार बैग दौडक़र ट्रेन की ओर भागे और दोनों यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया। बताया जा रहा है कि ट्रेन की सही जानकारी नहीं होने के कारण दंपती देरी से प्लेटफार्म पर पहुंचे और चलती ट्रेन में चढऩे के दौरान हादसा हो गया। रजनीश ने बताया कि मैं जैसे ही ट्रेन में चढऩे की कोशिश कर रहा था, लेकिन जल्दबाजी में हमारा पैर फिसल गया और गैप में जा गिरे। जैसे ही लगा कि सब कुछ खत्म होने वाला है उतने में कुछ लोगों ने उन्हें बाहर निकाल लिया।

रेलवे ने बताया कि इसरार अरावली एक्सप्रेस में पेट्रोलिंग ड्यूटी में जाने के लिए अपनी ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। गौरतलब है कि, पश्चिम रेलवे द्वारा ऑपरेशन जीवन रक्षा अभियान चलाया गया है। इसमें चलती ट्रेन में चढऩे के दौरान होने वाले हादसों को रोकने के लिए आरपीएफ जवानों को निर्देश दिए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *