जम्मू-कश्मीर में 10 जगहों पर NIA के छापे:टेरर फंडिंग मामले में एक्शन; तमिलनाडु में कार बम ब्लास्ट को लेकर 27 जगहों पर सर्चिंग

नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने जम्मू-कश्मीर और तमिलनाडु में एक साथ कई जगहों पर छापेमारी की है। NIA ने दोनों जगह एक्शन अलग-अलग केस को लेकर लिया। लेकिन दोनों ही मामले आतंकवाद से जुड़े हैं।

जम्मू कश्मीर में टेरर फंडिंग के मामले को लेकर NIA जमात-ए-इस्लामी संगठन से जुड़े लोगों और उनके 10 ठिकानों पर सर्चिंग कर रही है। यह छापेमारी बडगाम, कुलगाम और जम्मू जिले के गुज्जर नगर, शहीदी चौक, में चल रही है।

ANI के मुताबिक NIA कुलगाम में जमात के पूर्व प्रमुख शेख गुलाम हसन और एक अन्य नेता सयार अहमद रेशी के आवास पर गई है। ये दोनों नेता प्रतिबंधित संगठन जमात-ए-इस्लामी जम्मू-कश्मीर से जुड़े हुए हैं। इस संगठन को फरवरी 2019 में गृह मंत्रालय ने टेरर फंडिंग के आरोपों के चलते बैन किया था।

उधर, तमिलनाडु में NIA 2022 में कोयंबटूर में हुए बम ब्लास्ट को लेकर राज्य के 27 जगहों पर छापेमारी कर रही है। इस ब्लास्ट में आतंकी संगठन ISIS का हाथ था। NIA के अधिकारी चेन्नई, त्रिची, मदुरै, तिरुनेलवेली और कोयंबटूर में एक साथ रेड मारने पहुंचे।

23 अक्टूबर 2022 को हुआ था ब्लास्ट, आतंकी मुबीन की मौत; 15 गिरफ्तार

23 अक्टूबर 2022 को कोयंबटूर में संगमेश्वर मंदिर के पास खड़ी कार में धमाका हुआ था। कार का मालिक जेमिशा मुबीन भी इसमें मारा गया था। धमाके के समय वह कार के अंदर ही था। उसकी उम्र 29 साल थी और पेशे से इंजीनियर था। ISIS की विचारधारा ने मुबीन को कट्टरपंथी बना दिया था। हालांकि, उसकी ट्रेनिंग पूरी नहीं हुई थी इसलिए वह विस्फोटकों को संभाल नहीं सका। इस केस में अबतक 15 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

जांच एजेंसी के मुताबिक, मुबीन की कार में धमाके के समय 2 LPG सिलेंडर थे, इनमें से एक फटा था। अगर दूसरा भी फट जाता तो मंदिर और आस-पास के कई मकानों को नुकसान पहुंचता।

कोयंबटूर में 5 जगह ब्लास्ट करने वाले थे संदिग्ध
CCTV फुटेज के मुताबिक, IS से जुड़े के तीन संदिग्धों रियाज, फिरोज और नवाज को मुबीन की कार में 2 सिलेंडर और 3 ड्रम रखते हुए देखा गया था। इन्होंने रात करीब 11.30 बजे कार में विस्फोटक रखे थे। चौथे संदिग्ध मोहम्मद थलका ने मुबीन और उसके एक रिश्तेदार को कार दी थी। ये सभी कोयंबटूर के उक्कड़म के पास जीएम नगर के रहने वाले थे।

तलाशी के दौरान मुबीन के घर से 75 किलो पोटेशियम नाइट्रेट, चारकोल और एल्युमीनियम पाउडर भी बरामद हुआ था। इसके अलावा एक कागज का टुकड़ा मिला था, जिसमें कोयंबटूर की 5 जगहों पुलिस कमिश्नरेट, कलेक्ट्रेट, विक्टोरिया हॉल, कोयंबटूर रेलवे स्टेशन और रेस कोर्स के नाम लिखे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *