महाराष्ट्र: तम्हिनी घाट के सेल्फी प्वाइंट से गिरा 30 साल का इंजीनियर, 600 फीट नीचे मिला शव

Tamhini Ghat Accident: महाराष्ट्र में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की तम्हिनी घाट की घाटी में 600 फीट नीचे गिरने से मौत हो गई। मृतक का नाम प्रणय पवार (30) है। पुणे के कालेवाड़ी (Kalewadi) का निवासी प्रणय गुरुवार शाम में बाइक से महाड जा रहा था। इस बीच सेल्फी प्वाइंट पर यह दुखद हादसा हुआ।
हादसे का पता तब चला जब स्थानीय लोगों ने एक लावारिस बाइक, बैकपैक और एक लैपटॉप और दस्तावेजों के साथ सुरक्षा दीवार पर एक मोबाइल गिरा देखा। उन्होंने अनहोनी की आशंका में पुलिस को सूचना दी।
जिसके बाद सहायक पुलिस निरीक्षक एनडी लहंगे अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस की कॉल के बाद सात सदस्यीय बचाव दल मौके पर पहुंचा। बचावकर्मियों ने करीब 600 फीट नीचे उतरने के बाद देखा कि पवार का शव एक पेड़ पर अटका हुआ है। बचाव दल के मुताबिक, अगर पेड़ नहीं होता तो शव और 600 फीट नीचे गिर जाता।
अधिकारी ने बताया कि सॉफ्टवेयर इंजीनियर प्रणय पवार की नवी मुंबई के पास तम्हिनी घाट में 600 फीट ऊंचाई से गिरने से मौत हो गई। वह धार्मिक कार्यक्रम के लिए बाइक से महाड जा रहा था। यह दुर्घटना मनगांव पुलिस की सीमा में एक सेल्फी पॉइंट पर हुई। शव इतनी दुर्गम जगह थी कि बचावकर्मी वहां नहीं पहुंच सके और उन्होंने 50 फीट दूर से एंकर हुक की मदद से शव को ऊपर खिंचा।
पुलिस ने बताया कि सुरक्षा दीवार पर पीड़ित का मोबाइल मिला। मोबाइल पर बार-बार पीड़ित की पत्नी और उसके परिवार के सदस्यों का फोन आ रहा था। उन्हें हादसे की जानकारी दे दी गयी। घटना के पीछे के सटीक कारण की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित अपनी मां से मिलने के लिए महाड स्थित अपने पैतृक गांव जा रहा था। जो हाल ही में महाड गयीं थी। प्रणय पवार के परिवार में उनकी पत्नी हैं, जो एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। उनकी शादी एक साल पहले हुई थी। दोनों परिवार के साथ पुणे में रह रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *