रामलला को एक महीने में करीब 3550 करोड़ का मिला दान, बनें 4500 करोड़ की अकूत संपत्ति के मालिक

Ram Mandir Ayodhya: अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हो चुकी है। भव्य मंदिर का उद्घाटन हो गया है। प्राण प्रतिष्ठा के बाद से ही रामलला का दर्शन करने रोजाना भारी संख्या में भक्त अयोध्या पहुंच रहे हैं। हर रोज मंदिर में रामभक्तों की लंबी-लंबी कतारें देखी जा सकती हैं। दर्शन करने के साथ साथ लोग दिल खोलकर दान भी कर रहे हैं। देश विदेश से रामभक्तों ने रामलला पर पैसों की बारिश कर दी है। राममंदिर ट्रस्ट को एक महीने के अभियान के दौरान करीब 3550 करोड़ रुपए का दान मिला है।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के प्रभारी प्रकाश गुप्ता ने जानकारी दी कि भूमि पूजन के बाद में जो निधि समर्पण अभियान चलाया गया था, उस अभियान के अंतर्गत एक महीने में लगभग 3550 करोड़ रुपए का दान प्राप्त हुआ है। कुल मिला कर करीब 4500 करोड़ रुपए दानपात्र में आ चुकी थी। मंदिर के प्रथम तल के निर्माण के दौरान जो खर्च हो रहा था वो उन्हीं पैसों से हो रहा था और अब रामलला विराजमान हो गए हैं, रामभक्तों की संख्या पहले से 10 गुना बढ़ गई है।
श्रद्धालुओं ने दिया दिल खोलकर दान
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के प्रभारी प्रकाश गुप्ता के अनुसार, मंदिर उद्घाटन से पहले रामलला का दर्शन करने करीब 20000 श्रद्धालु अयोध्या आते थे। लेकिन, अब जब रामलला विराजमान हो गए हैं तब आने वाले भक्तों की संख्या दस गुना बढ़ गई है। रामभक्तों की संख्या में इजाफा होने के साथ साथ मंदिर ट्रस्ट को मिलने वाली दान राशि में भी अच्छी बढ़त हुई है।
उद्घाटन के पहले दिन 3 करोड़ 17 लाख रुपए का मिला दान
देश से ही नहीं बल्कि विदेशों से भी दिल खोलकर दान दिए जा रहे हैं। प्रकाश गुप्ता ने आगे कहा कि दिल्ली में हमारा ऑफिस है, NRI का बैंक है। विदेशों से आने वाला सारा पैसा वहीं आता है। वहीं, काउंटर पर दान लिए जा रहे हैं, उसकी रसीद ऑनलाइन दी जाती है। बालक राम करीब 4500 करोड़ की अकूत संपदा के मालिक बन गए हैं। बता दें, राम मंदिर उद्घाटन के पहले ही दिन राम मंदिर ट्रस्ट को 3 करोड़ 17 लाख रुपए का दान मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *