अयोध्या. राम मंदिर की सुरक्षा के लिए सरयू की लहरों पर अत्याधुनिक तकनीक वाले सर्विलांस रूम बनाए जाएंगे। इनसे चौधरी चरण सिंह घाट से गुप्तार घाट तक नदी की निगरानी की जाएगी। नदी के रास्ते अवांछनीय लोग अयोध्या में प्रवेश न करने पाए, इसके लिए उच्च स्तरीय तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। सर्विलांस रूम इसी रणनीति का हिस्सा हैं। इनका निर्माण नदी की लहरों पर जेटी के ऊपर किया जा रहा है। नदी में बाढ़ की हालत में जेटी के साथ यह रूम ऊपर आ जाएंगे। पानी कम होगा तो स्वत: नीचे हो जाएंगे।
प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर पूरी अयोध्या सुरक्षा के घेरे में रहेगी। सात सुरक्षा एजेंसियां रामनगरी के विभिन्न इलाकों में छानबीन में जुटी हैं। जिले की सीमाओं पर भी चौकसी बढ़ा दी गई है। आने-जाने वाले वाहनों को सघन तलाशी के बाद प्रवेश दिया जा रहा है। होटलों, लॉज, धर्मशालाओं में भी टीमें छानबीन कर रही हैं। वहां ठहरे और बुकिंग कराने वालों का सत्यापन कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री और अन्य वीवीआइपी की फ्लीट के रूट पर भी पुलिस टीमें जांच-पड़ताल कर रही हैं। प्राण प्रतिष्ठा के बाद यहां रोज एक से दो लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।