भगवान राम पर ‘आपत्तिजनक’ टिप्पणी का मामला, NCP नेता जितेंद्र आव्हाड की मुश्किलें बढ़ीं, पुणे के बाद मुंबई में FIR

मुंबई: मुंबई पुलिस ने भगवान राम को मांसाहारी बताने वाली टिप्पणी को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के विधायक जितेंद्र आव्हाड के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार देर रात उपनगर अंधेरी के एमआईडीसी थाने में विधायक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। इस मामले में जितेंद्र आव्हाड के खिलाफ पुणे में पहले ही मामला दर्ज हो चुका है। एनसीपी के शरद पवार गुट का हिस्सा आव्हाड ठाणे जिले में मुंब्रा-कलवा निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। आव्हाड महाविकास आघाडी (MVA) सरकार में आवास मंत्री भी रह चुके हैं। उनके खिलाफ बीजेपी नेता और विधायक राम कदम शिकायत दर्ज कराने के लिए पहुंचे थे।

विहिप नेता की शिकायत पर FIR
पुलिस अधिकारी ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के पदाधिकारी गौतम रावरिया की शिकायत पर मुंबई में आव्हाड के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने कहा कि उन्होंने एक समाचार चैनल पर आव्हाड को भगवान राम के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हुए सुना। उन्होंने बताया कि आव्हाड के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 295 ए (किसी भी धर्म या धार्मिक आस्था का अपमान कर किसी भी वर्ग की धार्मिक भावनाएं आहत करने के इरादे से जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कृत्य करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आव्हाड ने यह कहकर तीन दिन पहले विवाद खड़ा कर दिया था कि भगवान राम मांसाहारी थे।

शिरडी में दिया अव्हाड ने बयान
शिरडी में तीन जनवरी को एनसीपी के एक कार्यक्रम में आव्हाड ने कहा था कि वह (भगवान राम) शिकार करके खाया करते थे। वह हमारे बहुजनों के थे। आप (बीजेपी) हमें शाकाहारी बना रहे हो, (लेकिन) हम राम के उदाहरण को मान रहे हैं और मटन खा रहे हैं। ‘बहुजन’ शब्द का उपयोग महाराष्ट्र में पारंपरिक तौर पर हिंदू समाज के गैर-ब्राह्मण वर्गों के लिए किया जाता है। विधायक आव्हाड ने बाद में कहा कि यदि किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह खेद व्यक्त करते हैं। पुलिस ने बताया कि पुणे में बीजेपी की प्रदेश इकाई के प्रमुख धीरज घाटे की शिकायत पर आव्हाड के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *