फ्रांस में चार दिन फंसे रहने के बाद 276 भारतीयों को लेकर मुंबई पहुंचा विमान

मुंबई. मानव तस्करी के संदेह में फ्रांस में रोका गया विमान ए-340 चार दिन बाद मंगलवार तड़के मुंबई पहुंचा। इसमें 276 यात्री सवार थे। विमान ने पेरिस के नजदीक के वैट्री हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। फ्रांसीसी अधिकारियों ने बताया कि फ्रांस में जब विमान रोका गया था, उसमें 303 यात्री सवार थे। इनमें दो नाबालिगों समेत 25 लोगों ने शरण के लिए आवेदन किया था। ये लोग फ्रांस में ही रुक गए। दो अन्य लोगों को हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश किया गया, जिन्हें सहायक गवाह का दर्जा दिया गया है।

मुंबई हवाई अड्डे पर विमान से उतरे यात्रियों में से कई ने मीडिया को देखकर सवालों से बचने के लिए भागने की कोशिश की। मीडिया के सवाल के जवाब में एक यात्री ने कहा कि कोई भी फ्रांस से नहीं आ रहा है। इसके बाद वह भीड़ में गायब हो गया। एक अन्य यात्री ने स्वीकार किया कि वह फ्रांस से लौटा है। हालांकि उसने मीडिया से ज्यादा बात करने से इनकार कर दिया। दुबई से 303 यात्रियों को लेकर निकारागुआ जाने वाली फ्लाइट को एक सूचना के बाद मानव तस्करी के संदेह में गुरुवार को पेरिस से 150 किलोमीटर पूर्व में वैट्री एयरपोर्ट पर रोक दिया गया था। फ्रांस के चार न्यायाधीशों ने हिरासत में लिए गए यात्रियों से पूछताछ की।

फ्रांस से चार दिन बाद मंगलवार को मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचे यात्री।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *