मुंबई में बड़ा हादसा, नाव में घातक गैस का रिसाव, 2 की मौत, 4 गंभीर

Mumbai Boat Accident: मुंबई में मछली पकड़ने वाली नाव में लीक हुई गैस की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। जबकि चार लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिसमें से एक की हालत बेहद गंभीर है। मुंबई पुलिस ने बताया कि सबसे पहले नाव का मालिक पकड़ी गई मछली को लाने के लिए केबिन के अंदर गया। गैस को सूंघते ही वह बेहोश होकर गिर पड़ा, जब एक अन्य व्यक्ति उसे देखने गया तो वह भी बेहोश हो गया। इस तरह कुल छह लोग नाव में बेहोश हो गए।

एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई में मछली पकड़ने वाली नाव के स्टोरेज चैम्बर में जमा गैस के रिसाव से यह हादसा हुआ। हादसे के बाद सभी पीड़ितों को अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद दो को मृत घोषित कर दिया। जबकि अस्पताल में भर्ती एक शख्स वेंटिलेटर पर है और अन्य 3 की हालत स्थिर है।
यह घटना सुबह करीब 11 बजे न्यू फिश जेटी (New Fish Jetty) पर हुई। दुर्भाग्यपूर्ण हादसा तब हुआ जब अंजनी पुत्र नाव से मछली बाहर निकाला जा रहा था।
डिप्टी कमिश्नर संजय लाटकर ने कहा, नाव मछली पकड़ने के बाद देर रात लगभग 2 बजे तट पर लौट आई थी। संदेह है कि मछली सड़ने के कारण चैम्बर में जहरीली गैस बनी। सभी को जेजे अस्पताल ले जाया गया। आंध्र प्रदेश के रहने वाले नाव के मालिक नागा संजय (27) और श्रीनिवास आनंद यादव (35) की इलाज के दौरान मौत हो गई।
अधिकारी ने बताया कि आंध्र प्रदेश के ही सुरेश मेक्ला वेंटिलेटर पर है, जबकि अन्य तीन की हालत में सुधार है। येलो गेट पुलिस स्टेशन में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *