आवास साइट पर लिफ्ट में आने से घायल बच्चे की मौत

सूरत . शहर के वेसू क्षेत्र में नवनिर्मित प्रधानमंत्री आवास के निर्माण स्थल पर लोडिंग लिफ्ट की मशीन से टकराने से एक साल के मासूम बच्चे का दाहिना हाथ कंधे से उखड़ गया था। बच्चे को गंभीर हालत में न्यू सिविल अस्पताल लाया गया। जहां उसका ऑपरेशन किया गया। इलाज के दौरान गुरुवार शाम को बच्चे की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार बिहार निवासी मुकेश रावत सूरत में वेसू क्षेत्र में नवनिर्मित प्रधानमंत्री आवास साइट में पत्नी आरती, बेटे अभिषेक और प्रिंस (1 वर्ष) के साथ रह रहे थे। मुकेश के बच्चों में प्रिंस को 9 दिसंबर की सुबह उसकी मां आरती नहलाने के बाद तौलिए में लपेटकर बाहर लाई थी। इसी बीच लोडिंग लिफ्ट ऊपर जा रही थी कि प्रिंस का तौलिया लिफ्ट की मशीन में फंस गया। आरती के हाथ से प्रिंस तौलिया सहित खिंच गया और मशीन में आ गया और प्रिंस का दाहिना हाथ कटकर गिर गया। साथ ही सिर पर चोट के साथ आधा कान भी कट गया था। परिजन प्रिंस का कटा हाथ लेकर न्यू सिविल अस्पताल लेकर आए। प्रिंस का ऑपरेशन करना पड़ा। इलाज के दौरान गुरुवार की शाम प्रिंस की मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *