कैंसर से लड़ने वाली कोशिकाओं का शरीर में ही हो सकेगा निर्माण

कैलिफोर्निया . दुनिया में कैंसर के खिलाफ चल रही लड़ाई में वैज्ञानिकों ने बड़ी सफलता मिली है। वैज्ञानिकों ने दावा किया है कि मानव के शरीर में ही कैंसर से लड़ने वाली सीएआर-टी कोशिकाओं का निर्माण किया जा सकता है। वैज्ञानिकों की इस सफलता से लोगों को कैंसर के महंगे उपचार से राहत मिलने की उम्मीद है।

कैलिफोर्निया में अमरीकन सोसाइटी ऑफ हेमेटोलॉजी की बैठक में शोधकर्ताओं ने बताया कि एक इंजेक्शन की मदद से शरीर में मौजूद टी कोशिकाओं को संक्रमित किया जा सकता है। इसके बाद कोशिकाओं के जीन में परिवर्तन कर कैंसर के लिए जिम्मेदार कोशिकाओं को निशाना बनाया जाएगा। इससे शरीर में ही कैंसर की कोशिकाओं को खत्म किया जा सकेगा। इंटरनेशनल सेंटर फॉर इंफेक्शियस डिजीज रिसर्च के निदेशक एल्स वेरहोयेन कहते हैं कि खास बात यह है कि इस दौरान कैंसर से जुड़ी कोशिकाओं के जीन में ही परिवर्तन होगा। इसका असर अन्य कोशिकाओं पर नहीं होगा। फ्रांस के ल्योन में जीन थेरेपी के उपयोग में लाया जाने वाला वायरस विकसित किया जा रहा है। शोधकर्ताओं का मानना है कि यह शोध सफल हो जाता है तो कैंसर रोगियों को बड़ी राहत मिलेगी। फिलहाल कैंसर के उपचार के लिए टी कोशिकाओं को शरीर से बाहर निकालकर जीन में परिवर्तन किया जाता है। इसके बाद उन्हें फिर शरीर में प्रवेश कराया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *