Mumbai Crime News: मुंबई में 64 साल की एक महिला के साथ बलात्कार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने बुजुर्ग की बेरहमी से पिटाई भी की। पीड़िता के चेहरे, सिर, प्राइवेट पार्ट और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर जख्म है। वह बेहोशी की हालत में सड़क पर पड़ी मिली थीं।
मुंबई के ट्रॉम्बे पुलिस स्टेशन(Trombay Police Station) की सीमा में हुई इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। महिला से हैवानियत करने के बाद आरोपी ने उसे सड़क किनारे फेंक दिया था और मौके से फरार हो गया था। वहीं, बुजुर्ग महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है और हालत गंभीर बनी हुई है।
एक अधिकारी ने बताया कि 38 वर्षीय आरोपी उमेश गुलाबराव ढोक(Umesh Gulabrao Dhok) को गिरफ्तार किया गया है। उसने अपने घर पर 64 वर्षीय महिला के साथ कथित तौर पर बलात्कार किया और मारपीट की। आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 376, 376 (2) (एन), 325, 323 और 504 के तहत मामला दर्ज किया है। महिला की हालत गंभीर है।
सोमवार रात करीब 11 बजे आरोपी उमेश बुजुर्ग को घर छोड़ने के बहाने अपने साथ ले गया। वह महिला को अपने घर ले आया और महिला के साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर महिला को बुरी तरह पीटा। इसके बाद सुबह करीब पांच बजे महिला को सड़क के किनारे फेंक कर भाग गया।
इसी बीच मंगलवार तड़के एक स्थानीय महिला को पीड़िता सड़क पर मिली। इसके बाद महिला ने इसकी जानकारी ट्रॉम्बे पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया। इस बीच पुलिस ने पीड़िता का बयान लेकर आरोपी उमेश को मानखुर्द इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है।
बीजेपी नेता चित्रा वाघ(BJP leader Chitra Wagh) ने अस्पताल जाकर पीड़िता का हालचाल लिया और दोषी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।
