
कामकाजी दिनों में अब 291 के बजाय 337 फेरे; व्यस्त समय में दो ट्रेनों के बीच अंतर घटकर 4 मिनट 25 सेकंड हुआ
मुंबई। मुंबई मेट्रो की एक्वा लाइन पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (एमएमआरसी) ने सेवाओं में बढ़ोतरी की है। सोमवार, 2 नवंबर से कामकाजी दिनों में 46 अतिरिक्त फेरे शुरू किए गए हैं। इसके साथ ही मेट्रो के दैनिक फेरों की संख्या 291 से बढ़कर 337 हो गई है। इस फैसले से व्यस्त समय में यात्रियों को मेट्रो के लिए कम इंतजार करना पड़ेगा और भीड़ प्रबंधन में भी मदद मिलेगी।
दो ट्रेनों के बीच घटा अंतर
नई समय-सारिणी के अनुसार, व्यस्त समय में दो मेट्रो ट्रेनों के बीच का अंतर 4 मिनट 50 सेकंड से घटाकर 4 मिनट 25 सेकंड कर दिया गया है। इससे यात्रियों को कम समय में ट्रेन उपलब्ध होगी और स्टेशनों पर भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। शनिवार और रविवार को मेट्रो सेवाएं सप्ताहांत की अलग समय-सारिणी के अनुसार चलेंगी।
तीसरी बार बढ़ाए गए फेरे
आरे जेवीएलआर से कफ परेड तक पूरे मेट्रो मार्ग पर सेवा शुरू होने के बाद दैनिक फेरों की संख्या 271 रखी गई थी। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 23 जून 2026 को इसे बढ़ाकर 282 और 28 सितंबर 2026 को 291 किया गया था। अब 46 अतिरिक्त फेरों के साथ कामकाजी दिनों में इनकी संख्या 337 हो गई है।
यात्रियों की जरूरत के अनुसार बदलाव
एमएमआरसी के अनुसार, यात्रियों को सुरक्षित, भरोसेमंद और बेहतर मेट्रो सेवा उपलब्ध कराने के लिए फेरों में चरणबद्ध तरीके से बढ़ोतरी की जा रही है। भविष्य में भी यात्रियों की संख्या और जरूरतों के आधार पर समय-सारिणी में आवश्यक बदलाव किए जाएंगे।
