आज चार राज्यों की छह सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना हो रही है. पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर और असम की नगांव सीट BJP प्रत्याक्षी आगे हैं. वहीं पुडुचेरी की थट्टनचावडी पर अशोक आनंद ने जीत हासिल की है. तमिलनाडु की दो सीटों पर भी काउंटिंग जारी है.

चार राज्यों की छह सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे सामने आने लगे हैं. पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट पर AINRC के अशोक आनंद जीत चुके हैं. वहीं, पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर सीटों पर BJP उम्मीदवार आगे चल रहे हैं. असम की नगांव लोकसभा सीट पर भी BJP के देवाशीष शर्मा ने बढ़त बना रखी है. तमिलनाडु की धारापुरम और मदुरंतकम सीटों पर TVK उम्मीदवार आगे हैं. चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, बाकी सीटों पर मतगणना जारी है.

थट्टनचावडी विधानसभा सीट पर AINRC उम्मीदवार अशोक आनंद ने कांग्रेस के ई. विनयगम को 8,482 वोटों से हराया. अशोक आनंद को 13,358 वोट मिले, जबकि विनयगम के खाते में 4,876 वोट आए. AINRC, NDA के साथ गठबंधन में है.

नगांव में बदरुद्दीन अजमल से आगे BJP

असम की नगांव लोकसभा सीट पर BJP उम्मीदवार देवाशीष शर्मा बढ़त बनाए हुए हैं. चुनाव आयोग के मुताबिक, बीजेपी प्रत्याशी देवाशीष शर्मा को 351,619 वोट मिले हैं. वहीं AIUDF प्रमुख बदरुद्दीन अजमल को 268008 वोट मिले. शर्मा 83,611 वोटों से आगे हैं.

नंदीग्राम में हासी रानी रथ 85 हजार से ज्यादा वोटों से आगे

पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम सीट पर BJP उम्मीदवार हासी रानी रथ बढ़त बनाए हुए हैं. चुनाव आयोग के मुताबिक, 10वें राउंड की गिनती के बाद उन्हें 1,11,390 वोट मिले हैं. कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को 26,077 वोट मिले. रथ 85,313 वोटों से आगे चल रही हैं.

रेजीनगर विधानसभा सीट पर BJP के शंकरव्रत सरकार आगे चल रहे हैं. चुनाव आयोग के दोपहर 1:30 बजे तक उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, उन्हें 55,081 वोट मिले हैं. आम जनता उन्नयन पार्टी के उम्मीदवार गोलाम नबी आजाद को 18,345 वोट मिले. BJP उम्मीदवार की बढ़त 36,736 वोट है.

तमिलनाडु की दोनों सीटों पर TVK को बढ़त

तमिलनाडु की धारापुरम सीट पर 23 में से 15 राउंड की गिनती के बाद TVK उम्मीदवार पी. सत्याबामा को 45,336 वोट मिले हैं. वह DMK उम्मीदवार एस. सुगन्या से 9,226 वोटों से आगे हैं. AIADMK उम्मीदवार के. बानुमती 29,348 वोटों के साथ तीसरे नंबर पर हैं. वहीं, मदुरंतकम सीट पर TVK की के. मरगाथम कुमारवेल आगे चल रही हैं. सात राउंड की गिनती के बाद उन्हें 27,460 वोट मिले. DMK उम्मीदवार आई. परंथामेन को 18,668 वोट और AIADMK उम्मीदवार एस. कनितासंपथ को 16,201 वोट मिले हैं. कुमारवेल की बढ़त 8,792 वोट है.

इन छह सीटों पर 6 अक्टूबर को मतदान हुआ था. इनमें पश्चिम बंगाल की दो, तमिलनाडु की दो, पुडुचेरी की एक विधानसभा सीट और असम की एक लोकसभा सीट शामिल है. मतगणना के दौरान रुझान बदल सकते हैं. इसलिए अंतिम नतीजों के लिए चुनाव आयोग की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा.