
विपक्षी सांसदों ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों को लेकर संसद से ईसी कार्यालय तक मार्च किया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की
नई दिल्ली: विपक्षी सांसदों ने मंगलवार को कांग्रेस के राहुल गांधी के नेतृत्व में संसद से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए मार्च किया. इसके बाद चुनाव आयोग (ईसी) का मुख्यालय एक छावनी में बदल गया.
पुलिस ने नीति आयोग कार्यालय के पास मार्च को रोक दिया. यहां राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और विपक्ष के कई अन्य सांसदों को हिरासत में लिया गया और बसों में ले जाया गया. हालांकि, बाद में पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया.
मार्च संसद के मकर द्वार से शुरू हुआ. इसमें कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार), शिवसेना (यूबीटी), वाम दलों और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता और सांसद शामिल हुए.
