
दिल्ली पुलिस ने आकाशवाणी भवन में धरना दे रहे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई कांग्रेस नेताओं को हटा दिया। ये नेता चुनाव आयोग मुख्यालय तक मार्च के दौरान रोके जाने के बाद धरने पर बैठे थे।
एएनआई, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने आकाशवाणी भवन परिसर में धरना दे रहे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत तमाम कांग्रेस के नेताओं हटा दिया है। इससे पहले संसद मार्ग से चुनाव आयोग मुख्यालय तक मार्च के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया था। इसके बाद वह आकाशवाणी भवन के पास धरने पर बैठ गए थे।
इससे पहले पुलिस ने अखिलेश यादव, अभिषेक बनर्जी, डेरेक ओब्रायन समेत कई सांसदों को हिरासत में लेकर बसों में बिठा लिया था। परिसर के अंदर भी पुलिस अधिकारियों ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य नेताओं से जगह खाली करने को कहा। डीसीपी सचिन शर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और नेताओं को मनाने की कोशिश की।
राहुल गांधी ने हटाए जाने का किया विरोध
राहुल गांधी ने पुलिस की हिरासत और हटाने के प्रयासों का विरोध किया। वे प्रियंका गांधी के साथ आकाशवाणी भवन परिसर में प्रवेश कर बरगद के पेड़ के नीचे बैठ गए थे और चुनाव आयोग कार्यालय तक जाने की जिद पर अड़े रहे।
