
कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन किया. पार्टी का आरोप है कि चुनाव आयोग में मनमानी चल रही है और बाकी दो आयुक्तों की नहीं सुनी जा रही. गुवाहाटी, लखनऊ, देहरादून, चंडीगढ़, कोलकाता और मणिपुर में एक साथ विरोध हुआ. गुवाहाटी में गौरव गोगोई ने प्रदर्शन की अगुवाई की. मणिपुर के इंफाल में हालात तनावपूर्ण हो गए, जहां कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े.
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने पूरे देश में जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया है. कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव आयोग में ज्ञानेश कुमार मनमानी कर रहे हैं और बाकी दो चुनाव आयुक्तों की बात नहीं सुन रहे हैं. एक अखबार में हुए खुलासे के बाद कांग्रेस ने देशभर के कई शहरों में एक साथ विरोध प्रदर्शन किया और ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग की.
कांग्रेस के इस प्रदर्शन की तस्वीरें गुवाहाटी, चंडीगढ़, मणिपुर, लखनऊ, देहरादून और कोलकाता से सामने आई हैं. इन सभी शहरों में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और नारेबाजी करते हुए ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की. गुवाहाटी में इस प्रदर्शन की अगुवाई गौरव गोगोई ने की. वहीं लखनऊ में भी कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में इकट्ठा हुए और एकजुट होकर विरोध जताया.
कांग्रेस का कहना है कि चुनाव आयोग के अंदर सब कुछ ज्ञानेश कुमार अपने हिसाब से चला रहे हैं और बाकी दो आयुक्तों की आपत्तियों को अनसुना किया जा रहा है. यही आरोप विपक्ष की तरफ से लगातार लगाया जा रहा है, जिसमें कांग्रेस सबसे आगे नजर आ रही है. कोलकाता में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर विरोध जताया और बीजेपी पर भी निशाना साधा. देहरादून में शैलजा कुमारी ने इस प्रदर्शन में हिस्सा लिया, जहां कांग्रेस ने देशव्यापी अभियान के तहत विरोध मार्च निकाला.
चंडीगढ़ में भी कांग्रेस नेताओं ने सभा को संबोधित किया और उसके बाद प्रदर्शन मार्च निकाला. जम्मू-कश्मीर में तो यह मुद्दा विधानसभा के अंदर भी उठाया गया, जहां मांग की गई कि ज्ञानेश कुमार जल्द से जल्द इस्तीफा दें. मणिपुर के इंफाल में स्थिति सबसे ज्यादा तनावपूर्ण रही. यहां चुनाव आयोग के मुख्य कार्यालय के सामने प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने दफ्तर के अंदर घुसने की कोशिश की. इसे रोकने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े.
सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ यूथ कांग्रेस का दिल्ली में हल्ला बोल
दिल्ली में आज यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बड़ा विरोध प्रदर्शन किया. यह प्रदर्शन यूथ कांग्रेस के हेड क्वार्टर से शुरू हुआ और धीरे धीरे आगे बढ़ता गया. कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़ गए और हाथों में झंडे और पोस्टर लेकर नारेबाजी करते नजर आए. प्रदर्शन की अगुवाई खुद इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चब कर रहे थे. इस दौरान एक कार्यकर्ता को सीईसी ज्ञानेश कुमार का मास्क पहनाकर और हाथों में सांकेतिक हथकड़ियां डालकर लाया गया, जिससे यह संदेश दिया जा सके कि अब उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए.
दरअसल कल नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीईसी ज्ञानेश कुमार पर कई गंभीर आरोप लगाए थे. इसके बाद कांग्रेस पार्टी ने साफ कर दिया कि अब पार्टी एक्शन मोड में आएगी. देश भर की कांग्रेस इकाइयों और कार्यकर्ताओं को विरोध प्रदर्शन करने का संदेश दिया गया. इसी क्रम में आज देश भर में राज्य इकाइयों द्वारा प्रदर्शन हो रहे हैं और दिल्ली में भी यूथ कांग्रेस का यह प्रदर्शन उसी अभियान का हिस्सा है.
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे मास्क पहने व्यक्ति को पुलिस थाने में हैंडओवर करना चाहते हैं. जानकारी के मुताबिक 29 सितंबर को होने वाली कांग्रेस वर्किंग कमेटी यानी सीडब्ल्यूसी की बैठक में भी सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आगे की रणनीति पर चर्चा हो सकती है. यह भी चर्चा है कि कांग्रेस और विपक्षी दल मिलकर संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं और इम्पीचमेंट मोशन तक की कार्रवाई पर विचार हो सकता है.
प्रदर्शन के दौरान जब कार्यकर्ता बैरिकेड्स पार कर जंतर मंतर या संसद मार्ग की ओर बढ़ने की कोशिश करने लगे, तो दिल्ली पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई की. अध्यक्ष उदय भानु चब को पुलिस ने हिरासत में ले लिया और अन्य कार्यकर्ताओं को भी वहां से हटाया गया.
पटना में कांग्रेस का हल्लाबोल
पटना में आज विधानसभा के बाहर तनाव भरा माहौल देखने को मिला. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर एक बड़ा प्रदर्शन किया. यह मार्च ब्लॉक से चुनाव आयोग के दफ्तर तक जाना था, लेकिन पुलिस ने इसे विधानसभा के गेट के बाहर ही रोक दिया. इसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई, बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश हुई और आखिर में पुलिस को वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा. कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया गया है.
घटना की शुरुआत उस समय हुई जब कांग्रेस के कार्यकर्ता ज्ञानेश कुमार के मुद्दे पर सड़क पर उतरे और चुनाव आयोग के दफ्तर तक पहुंचने की कोशिश करने लगे. लेकिन पुलिस ने पहले ही विधानसभा के गेट के बाहर सुरक्षा घेरा बना रखा था, जिससे प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका जा सके. जब कार्यकर्ताओं को रोका गया तो उन्होंने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प देखने को मिली. हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का सहारा लिया.
मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. कुछ प्रदर्शनकारी जमीन पर बैठकर धरना देने लगे और वहां से हटने को तैयार नहीं हुए. पुलिस लगातार उन्हें वहां से हटाने की कोशिश कर रही है, लेकिन कार्यकर्ता अपनी जगह से टस से मस नहीं हो रहे. इस बीच कुछ प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने उठा भी लिया है. वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस के कई कार्यकर्ता अब भी घटनास्थल पर डटे हुए हैं और अपना विरोध जारी रखे हुए हैं.
प्रशासन की तरफ से स्थिति को सामान्य बनाने की लगातार कोशिश की जा रही है, लेकिन प्रदर्शनकारियों का गुस्सा अब भी थमा नहीं है. कांग्रेस नेता बार-बार ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहरा रहे हैं. बता दें कि इसी तरह का नजारा चंडीगढ़ में भी देखने को मिल रहा है, जहां भी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया जा रहा है.
