कड़ोदरा की डाइंग मिल में लगी आग तीन घंटे में काबू आई

सूरत. कड़ोदरा क्षेत्र की महेश डाइंग एंड प्रिंटिंग मिल में शुक्रवार सुबह भीषण आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल हो गया। विकराल आग की लपटें व धुआं दूर तक दिखाई दे रहा था। आग पर काबू पाने के लिए पलसाणा, बारडोली, कामरेज और सूरत से दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन बड़े आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

दमकल विभाग के मुताबिक, हादसा कड़ोदरा की महेश डाइंग एंड प्रिंटिंग मिल में हुआ। सुबह के समय मिल में कर्मचारी काम कर रहे थे, तभी पहली मंजिल पर अचानक आग भड़क उठी। मिल में कपड़े के साथ ही केमिकल का बड़ा जत्था होने के कारण आग ने जल्द ही विकराल रूप धारण कर लिया। भीषण आग के कारण जान बचाने के लिए कर्मचारी यहां-वहां भागने लगे। जिससे अफरा-तफरी मच गई।

पहली मंजिल पर लगी आग ने दूसरी और तीसरी मंजिल को भी लपेट में ले लिया। जिससे आग की लपटें और धुंए के गुबार दूर से दिखाई देने लगे। सूचना मिलने पर पलासणा के साथ ही कामरेज, बारडोली और सूरत मनपा के दमकल के वाहनों को मौके पर रवाना किया गया। चारों जगह के दमकलकर्मियों ने लगातार पानी और फोम की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। कूलिंग की कार्रवाई दोपहर तक चली।

दमकल अधिकारी बिपिन खलासी ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कपड़ा और केमिकल का बड़ा जत्था जलने के साथ ही स्ट्रक्चर को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *