“नेहरू तो नेहरू हैं” — शरद पवार ने पीएम मोदी और जवाहरलाल नेहरू की तुलना को बताया गलत

मुंबई | JKT News

एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की तुलना को लेकर बड़ा बयान दिया है। पार्टी के 27वें स्थापना दिवस समारोह में बोलते हुए पवार ने कहा कि प्रधानमंत्री के संवैधानिक पद का सम्मान किया जाना चाहिए, लेकिन पंडित जवाहरलाल नेहरू का योगदान इतना बड़ा है कि उनकी तुलना किसी अन्य नेता से नहीं की जा सकती।

शरद पवार का यह बयान ऐसे समय में आया है जब 10 जून 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू का 64 वर्षों पुराना रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है।

अपने संबोधन में शरद पवार ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू ने देश की आजादी के लिए लंबा संघर्ष किया था और स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान कई वर्षों तक जेल में रहे। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद जब देश अनेक चुनौतियों से घिरा हुआ था, तब नेहरू ने राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव रखी और आधुनिक भारत के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके त्याग, संघर्ष और योगदान को देश कभी नहीं भूल सकता।

पवार ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं और उनके पद का सम्मान होना चाहिए, लेकिन नेहरू तो नेहरू ही हैं। उनकी तुलना किसी से नहीं की जा सकती।”

इसके साथ ही शरद पवार ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के किसान, पढ़े-लिखे बेरोजगार युवा और महिलाएं अनेक समस्याओं का सामना कर रहे हैं, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई, अपराध और बेरोजगारी आम जनता के लिए बड़ी चिंता का विषय बन चुके हैं।

विदेश नीति को लेकर भी पवार ने केंद्र सरकार की आलोचना की और कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की स्थिति को और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान विदेश नीति से अपेक्षित परिणाम नहीं मिल रहे हैं।

शरद पवार के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में नई बहस शुरू हो गई है। एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऐतिहासिक उपलब्धि को लेकर भाजपा समर्थकों में उत्साह है, वहीं दूसरी ओर विपक्षी दल नेहरू के ऐतिहासिक योगदान और स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका को याद दिला रहे हैं।

अब यह देखना दिलचस्प होगा कि शरद पवार के इस बयान पर भाजपा और अन्य राजनीतिक दल किस प्रकार की प्रतिक्रिया देते हैं।

JKT News Mumbai
प्रस्तुति: प्रेस फोटोग्राफर परेश पटेल
🌐 jankalyantime.in/

Like • Share • Comment • Subscribe

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *