नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य प्रतिमा का अनावरण

पी.वी.आनंदपद्मनाभन
नवी मुंबई,
नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 पर छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री. देवेंद्र फडणवीस के करकमलों द्वारा इस प्रतिमा का अनावरण बड़े उत्साह के साथ संपन्न हुआ।

यह प्रतिमा छत्रपति शिवाजी महाराज के अद्वितीय नेतृत्व और गौरवशाली विरासत को समर्पित एक श्रद्धांजलि है तथा महाराष्ट्र की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है। इस ऐतिहासिक समारोह में राज्य के वन मंत्री गणेश नाईक, महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिती सुनील तटकरे, विधायक प्रशांत ठाकूर, विधायक महेश बालदी तथा पूर्व सांसद रामशेठ ठाकूर उपस्थित थे। इसके अलावा इस अवसर पर भूमिपुत्र स्वर्गीय दि. बा. पाटील के पुत्र अतुल पाटील,विभागीय आयुक्त रुबल अग्रवाल, सिडको के सह-प्रबंध निदेशक शंतनू गोयल, नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रबंधक तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति भी प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (एनएमआईएएल) द्वारा विकसित इस स्मारक में 8 फुट ऊंचे भव्य चबूतरे पर 12 फुट ऊंची कांस्य धातु की अर्धप्रतिमा (बस्ट) स्थापित की गई है। नवी मुंबई के ‘आकार आर्ट एंड स्कल्पचर’ के मूर्तिकार श्री. नितीन रोहिदास गोर्डे ने इस प्रतिमा का निर्माण किया है। यह प्रतिमा महाराष्ट्र शासन के कला निदेशालय से मंजूर डिज़ाइन के आधार पर कॉपर अलॉय ब्रॉन्ज (तांबा मिश्रित कांस्य) से तैयार किया गया है।

लगभग आठ माह से अधिक समय में पूर्ण हुई यह विशिष्ट कलाकृति नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे परिसर का एक प्रमुख आकर्षण का केंद्र बनेगी। इसके साथ ही, हवाई अड्डे पर आने वाले देशी-विदेशी यात्रियों और आगंतुकों के लिए यह स्थान सांस्कृतिक महत्व का एक प्रमुख केंद्र भी सिद्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *