37 साल पहले सलमान खान संग ग्रैंड डेब्यू, अब एक्टर ने छोड़ी इंडस्ट्री, भोपाल में चला रहा होटल

मैंने प्यार किया’ फिल्म से राजीव वर्मा ने एक्टिंग डेब्यू किया था. इस फिल्म में उन्होंने सलमान खान के पिता का रोल प्ले किया था. वो कई हिट फिल्मों में दिखे. मगर फिर सालों बाद वो इंडस्ट्री छोड़कर भोपाल में शिफ्ट हो गए. राजीव वर्मा अब एक होटल चलाते हैं.

साल 1989 में आई ‘मैंने प्यार किया’ बॉलीवुड की आइकॉनिक फिल्मों में से एक है. इस फिल्म ने कई स्टार्स के करियर को एक नई उड़ान दी. बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान, भाग्यश्री और खुद डायरेक्टर सूरज बड़जात्या को इस फिल्म से तगड़ा स्टारडम मिला. लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि सलमान की फिल्म से दिग्गज एक्टर राजीव वर्मा ने भी डेब्यू किया था. वो फिल्म में दबंग खान के पिता के रोल में दिखे थे.

राजीव वर्मा ने छोड़ी इंडस्ट्री?

सलमान खान और भाग्यश्री की तरह ‘मैंने प्यार किया’ फिल्म एक्टर राजीव वर्मा के करियर में भी टर्निंग पॉइंट साबित हुई. फिल्म में सलमान के पिता का रोल निभाकर राजीव वर्मा को खूब फेम मिला. उन्होंने आगे चलकर कई हिट फिल्मों में काम किया. राजीव वर्मा ‘हम आपके हैं कौन’, ‘हम साथ-साथ हैं’, ‘कोई… मिल गया’, ‘चलते चलते’, ‘अंदाज’, ‘ये रास्ते हैं प्यार के’, ‘ऐतबार’, ‘क्या कहना’ और ‘हर दिल जो प्यार करेगा’ जैसी सुपरहिट फिल्मों में नजर आए.

लेकिन फिर बाद में वो बॉलीवुड छोड़कर भोपाल शिफ्ट हो गए और उन्होंने एक्टिंग से दूरी बनाकर अपना होटल का बिजनेस शुरू कर लिया. हाल ही में एक्टर राजीव वर्मा ने बॉलीवुड छोड़ने को लेकर बात की.

डियर जनरेशन’ के पॉडकास्ट राजीव वर्मा ने बताया- ‘मैंने प्यार किया’ फिल्म में एक बिजनेसमैन का रोल निभाया था. लेकिन फिल्म हिट होने के बाद फिल्ममेकर्स मुझे उसी तरह के रोल्स में देखना चाहते थे. जब एक बार किसी एक्टर की पहचान एक खास तरह के रोल से जुड़ जाती है, तो लोग उसे बार-बार एक जैसे ही रोल देने लगते हैं. मुझे भी बार-बार एक जैसे ही किरदार ऑफर होने लगे थे..

राजीव आगे बोले- एक वक्त ऐसा आया जब मुझे एक्टिंग करने में मजा आना बंद हो गया था. मुझे लगा कि अब मैं यह काम और नहीं करना चाहता. यह मुझे वैसी ही ऑफिस की नौकरी जैसा लगने लगा था, जो मैं पहले किया करता था. फर्क बस इतना था कि यहां चेक बड़े मिलते थे. लेकिन मुझे पहले जो एक्साइटमेंट मिलती थी, बाद में वो गायब हो गई थी. यह रोजाना का रूटीन लगने लगा था.

अब क्या करते हैं राजीव वर्मा?

एक्टर ने आगे बताया कि 5-6 साल पहले, वो भोपाल वापस लौट गए थे. उन्हें एक्टिंग रोजाना का रूटीन लगने लगी थी और इसमें उन्हें मजा नहीं आ रहा था. वो एक्टिंग में इतने बिजी हो गए थे कि दोस्तों के साथ वक्त नहीं बिता पा रहे थे, शादियों में नहीं जा पाते थे और फैमिली फंक्शन्स में भी शामिल होना भी बहुत कम हो गया था. वो परिवार और अपनों के साथ खास पलों को मिस करने लगे थे. एक्टर ने कहा कि आखिरकार उन्होंने अपने करियर के ऊपर मन की शांति को चुना.

राजीव वर्मा ने आगे कहा कि अब वो ज्यादातर थिएटर करते हैं और अपनी लाइफ को एन्जॉय करते हैं, क्योंकि अब उनपर कोई बड़ा आर्थिक दबाव नहीं है. उन्होंने यह भी बताया कि भोपाल में उनका एक छोटा सा होटल है, जिसे वो चलाते हैं. उनके बच्चे अब अपनी जिंदगी में सेटल हो चुके हैं. ऐसे में वो थिएटर करने के साथ शांति से लाइफ जी रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *