सूरत के विद्यार्थियों से भरी बस खाई में पलटी, कई घायल

वापी. सूरत स्थित सरदार वल्लभभाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नॉलोजी(SVNIT)कॉलेज के विद्यार्थियों को लेकर आ रही बस धरमपुर के सादड़वेरा गांव के पास खाई में पलट गई। सभी विद्यार्थी खोबा गांव में एनएसएस कैम्प में जा रहे थे। बताया गया है कि बस जब सादडवेरा गांव के पास पहाड़ी मार्ग के ढलान पर थी, उस दौरान बस का ब्रेक फेल हो गया और वह खाई में पलट गई। घटना के बाद वहां चीख-पुकार मच गई थी। वहां से गुजर रहे और ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर विद्यार्थियों को बाहर निकाला। घटना का पता चलते ही मौके पर पुलिस एम्बुलेंस के साथ पहुंच गई थी। घटना के दौरान बस में 26 विद्यार्थी थे, जिसमें से 24 घायल हैं। हालांकि सभी विद्यार्थी सुरक्षित हैं। इसमें करीब पांच को ज्यादा चोट आई है। घायलों को धरमपुर स्थित श्रीमद राजचंद्र हॉस्पिटल में उपचार के लिए लाया गया है। खबर लिखे जाने तक अस्पताल में विद्यार्थियों की मरहमपट्टी चल रही थी। बताया गया है कि एक विद्यार्थी को सर्जरी की जरूरत देखते हुए सूरत रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद वलसाड पुलिस उपाधीक्षक सहित कई अधिकारी भी श्रीमद राजचंद्र अस्पताल पहुंचे और विद्यार्थियों का हालचाल जाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *