भेस्तान में ताड़ी पीने से युवक की संदिग्ध मौत

सूरत. शहर के भेस्तान क्षेत्र में एक 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत हो गई है। मृतक युवक ताड़ी पीकर घर आने के बाद चक्कर खाकर गिर गया। बाद में परिजन उसको न्यू सिविल लेकर आए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

न्यू सिविल अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, भेस्तान के भगवती नगर के पास जय अंबे नगर निवासी अंबादास सुरेश पाटिल (21) सोमवार रात आठ बजे मजदूरी काम करके ताड़ी पीकर घर आया था। घर आने के बाद वह चक्कर खाकर गिर गया। परिवार के लोगों ने उसे घर में सुला दिया। इसके बाद उसे रात को खाना खाने के लिए उठाया तो उसके शरीर में कोई हरकत नहीं थी। स्थानीय लोगों ने 108 एम्बुलेंस को बुला लिया। उसके बाद अंबादास को न्यू सिविल अस्पताल लाया गया जहां इमरजेंसी विभाग में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक को पिछले चार साल से ताड़ी पीने की लत लग गई थी। घटना की खबर मिलते ही भेस्तान पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने अंबादास की मौत का सही कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम करवाया है।

चिकित्सकों ने फिलहाल मौत का कारण लंबित रखा है। शव से हिस्टोपैथो और केमिकल से जुड़े नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए है। भेस्तान पुलिस घटना की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि मृतक मूल रूप से महाराष्ट्र का निवासी और घर का एकलौता बेटा था, उसकी तीन बहनें हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *