पति की लात से पत्नी की मौत? बहन से दर्ज कराया जीजा के खिलाफ केस

मुंबई में एक चौंका देने वाली घटना सामने आई है। अंधेरी में रहने वाले एक व्यक्ति ने झगड़े के बाद अपनी पत्नी को जोर से लात मारी। पत्नी के संवेदनशील अंगों में चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई है। मृतका की बहन ने पुलिस में केस दर्ज कराया है।

मुंबई: देश की आर्थिक नगर मुंबई में एक चौंका देने वाली घटना सामने आई है। घरेलू विवाद में एक पति ने पत्नी को इतनी जोर से लात मारी कि उसकी इलाज के बाद मौत हो गई।मुंबई के अंधेरी (पश्चिम) के सात बंगला इलाके में यह घटना सामने आई है। महिला की मौत के मामले में उसके पति के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मृतका की बहन की शिकायत पर वर्सोवा पुलिस ने आरोपी ( शिकायतकर्ता का जीजा) के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि घरेलू विवाद के दौरान आरोपी ने पत्नी के पेट में लात मारी थी, जिसके बाद उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, 42 वर्षीय रुकसाना शेख पति शाहनुद्दीन शेख के साथ अंधेरी के सात बंगला के सागर कुटीर संघ में रहती थी। दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। आरोप है कि झगड़े के दौरान शाहनुद्दीन ने रुकसाना के पेट में लात मारी, जिससे उसे तेज दर्द शुरू हो गया। इसके बाद, रुकसाना ने अपनी बहन जारा को फोन कर घटना की जानकारी दी। परिजन रुकसाना को पहले कूपर अस्पताल ले गए, जहां सीटी स्कैन रिपोर्ट देखने के बाद डॉक्टरों ने बताया कि उसकी हालत बेहद गंभीर है। उसके शरीर के अंदर संक्रमण तेजी से फैल चुका है। इलाज के दौरान कूपर में ही रुकसाना की मौत हो गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा

डॉक्टरों ने रुकसाना को मृत घोषित करने के बाद पोस्टमार्टम कराया तो रिपोर्ट में सामने आया कि उसके पेट पर गंभीर चोट लगी है। इससे उसकी आंतों को नुकसान पहुंचा था। इस वजह से पेट और रक्त में संक्रमण फैल गया और रुकसाना की मौत हो गई। मृतका की बहन जारा शेख की शिकायत पर वर्सोवा पुलिस ने शाहनुद्दीन शेख के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। इस मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक सचिन दिलीप पवार कर रहे हैं। पवार ने बताया कि पुलिस पोस्टमॅार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *