बेटी का तलाक करवाकर मुझसे शादी कराओ’, पिता ने किया इनकार तो प्रेमी ने हथौड़े से उतार दिया मौत के घाट

हरिद्वार के बहादराबाद में हुए सनसनीखेज राजवीर हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. शादीशुदा बेटी से प्रेम संबंध और शादी की जिद में बाधा बनने पर प्रेमी ने अपने साथी के साथ मिलकर पिता की बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

हरिद्वार के बहादराबाद थाना क्षेत्र में 27 अप्रैल को राजवीर नामक व्यक्ति की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. आरोपी पंकज मृतक की शादीशुदा बेटी से प्रेम करता था और उसका तलाक करवाकर शादी करना चाहता था. पिता राजवीर इस रिश्ते का कड़ा विरोध कर रहे थे, जिसके कारण पंकज ने उन्हें रास्ते से हटाने की साजिश रची. 26 अप्रैल की शाम पंकज ने अपने साथी छोटेलाल के साथ मिलकर राजवीर को शराब पिलाने के बहाने खेत में बुलाया. वहां नशे की हालत में राजवीर के सिर पर हथौड़े से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी गई.

डिजिटल सबूतों से पकड़ा गया ‘कातिल’

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि राजवीर का शव मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की. विवेचना के दौरान एक संदिग्ध मोबाइल नंबर पुलिस के हाथ लगा, जिससे पंकज की पहचान हुई.

कलियर रोड पर घेराबंदी कर जब पंकज को पकड़ा गया, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसने बताया कि वह सिडकुल की कंपनी में राजवीर के साथ काम करता था और उसकी बेटी के डर को खत्म करने के लिए उसने यह खूनी कदम उठाया.

सहयोगी के साथ ऐसे रची पूरी साजिश

पंकज ने अकेले इस वारदात को अंजाम नहीं दिया, बल्कि अपने दोस्त छोटेलाल को भी इसमें शामिल किया. पंकज की निशानदेही पर पुलिस ने नहर पटरी से छोटेलाल को भी दबोच लिया. दोनों आरोपियों ने मिलकर राजवीर को बौंगला अंडरपास के पास पॉपुलर के खेत में ले जाकर मौत के घाट उतारा था. आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया हथौड़ा, बाइक, मृतक का मोबाइल फोन, पर्स और अन्य सामान बरामद कर लिया गया है.

शादीशुदा बेटी के तलाक की थी जिद

पूछताछ में सामने आया कि पंकज राजवीर की बेटी पर पति से तलाक लेने का दबाव बना रहा था, लेकिन राजवीर के डर से वह तैयार नहीं थी. पंकज को लगा कि राजवीर के मरते ही उसकी शादी का रास्ता साफ हो जाएगा. गिरफ्तार आरोपी पंकज रोशनाबाद का निवासी है, जबकि छोटेलाल सीतापुर का रहने वाला है. पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है. इस खुलासे के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *