Murder Mystery: चाकू से हमला करने पर परिवारजनों ने ही गला घोंटा

सूरत (Murder Mystery). दो दिन पूर्व गांधी कुटीर खाड़ी किनारे मिले अज्ञात युवक के शव की गुत्थी सुलझाते हुए पांडेसरा पुलिस ने हत्या के आरोप में उसकी पत्नी, दामाद व नाबालिग पुत्र को पकड़ा है। मृतक की शिनाख्त पांडेसरा विनायक नगर सोसायटी निवासी राजाराम ढोढई यादव के रूप में की गई है। राजाराम की हत्या उसकी पत्नी उर्मिला, पांडेसरा जय जवान जय किसान सोसायटी निवासी दामाद राजू यादव व नाबालिग पुत्र ने मिल कर की थी।

पुलिस निरीक्षक एन.के. कामलिया ने बताया कि 7 दिसम्बर को राजाराम का उसकी पत्नी व पुत्र के साथ विवाद हो गया था। शाम को राजू भी उनके घर पर आया। विवाद बढ़ने पर तीनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। उसका शव गांधी कुटीर खाड़ी के किनारे फेंक दिया था। जहां से शुक्रवार को पुलिस ने शव बरामद किया था। उसके शरीर पर मारपीट के निशान थे।

पुलिस ने मौके पर उसकी शिनाख्त के प्रयास किए, लेकिन कुछ अता-पता नहीं चल पाया। इस बीच पुलिस को मुखबिर से उसके बारे में सूचना मिली। पुलिस ने उसके घर जाकर तस्दीक की। उसके बाद संदेह के दायरे में आए आरोपियों से अलग-अलग तरीकों से पूछताछ की तो उन्होंने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने उसकी पत्नी व दामाद को गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *