पुरानी रंजिश और खूनी खेल… खेत से लौट रहे युवक की गोली मारकर हत्या, तीन आरोपी फरार

मुजफ्फरनगर के शाहदरा बांगर गांव में 26 वर्षीय युवक अक्षय की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस खूनी वारदात के बाद से ही तीन आरोपी फरार हैं. अब पुलिस ने टीमें बनाकर उनकी तलाश शुरू कर दी है. हत्या की वजह पुरानी रंजिश बताया जा रहा है.

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक बार फिर पुरानी दुश्मनी ने खौफनाक मोड़ ले लिया. गांव की शांत गलियों में अचानक गोलियों की आवाज गूंजी और एक परिवार की दुनिया उजड़ गई. खेत से घर लौट रहा 26 साल का युवक रास्ते में ही मौत के घाट उतार दिया गया. इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है, जबकि पुलिस अब तीन आरोपियों की तलाश में जुटी है

मुजफ्फरनगर के शाहदरा बांगर गांव की उस शाम को कोई नहीं भूल पाएगा. सूरज ढल रहा था और खेतों से लोग अपने-अपने घर लौट रहे थे. उसी वक्त 26 वर्षीय अक्षय भी अपने खेत से घर की ओर जा रहा था. रास्ता वही पुराना था, लेकिन इस बार उसकी मंजिल तक पहुंचना उसके नसीब में नहीं था. गांव की सुनसान पगडंडी पर अचानक कुछ लोगों ने उसे घेर लिया. इससे पहले कि अक्षय कुछ समझ पाता, गोलियों की आवाज गूंज उठी और सब कुछ खत्म हो गया.

बताया जा रहा है कि हमलावर पहले से ही अक्षय की घात लगाए बैठे थे. जैसे ही वह उनके पास पहुंचा, उन्होंने उसे रोक लिया और बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी. गोलियों की बौछार में अक्षय जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते, हमलावर वहां से फरार हो चुके थे. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग मौके पर जुटने लगे.

पीटीआई के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) संजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और हर पहलू को बारीकी से खंगाला जा रहा है. पुलिस टीम आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि हमलावरों के बारे में कोई सुराग मिल सके

पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में भी यही सामने आया है कि हत्या की वजह पुरानी दुश्मनी हो सकती है. हालांकि, अभी सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के समय आरोपियों के साथ कोई और व्यक्ति तो नहीं था. हर एंगल से जांच की जा रही है ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके.

फिलहाल तीनों आरोपी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन अलग-अलग टीमें गठित की हैं. जगह-जगह दबिश दी जा रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और लोग दहशत में हैं. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *