सूरत. कोरोना काल में सोशल मीडिया के प्लेटफार्म पर लोगों में छिपी कला बखूबी निखरकर सामने आई। ऐसी ही अभिनय प्रतिभा सूरत कपड़ा मंडी के व्यापारी चरणपाल सिंह की भी उभरी। उनकी शॉर्ट फिल्मों ने फिल्म फेस्टिवल में जगह बना ली है। भठिंडा फिल्म फेस्टिवल में चरणपाल सिंह की शॉर्ट फिल्म सरदारजी एंड एल्कोहल के नॉमिनेट होने के बाद अब इस फिल्म के साथ-साथ शॉर्ट फिल्म प्रमोशन भी पंजाब फिल्म इंटरनेशनल फेस्टिवल के लिए नॉमिनेट की गई है। यह फेस्टिवल 15 दिसंबर को दुबई में होगा।
कपड़ा कारोबार के साथ-साथ शौकिया तौर पर अभिनय करने वाले मिलेनियम-4 मार्केट के व्यापारी चरणपाल सिंह ने 2020 में कोरोना काल के दौरान कपड़ा नहीं, सर का ताज…शॉर्ट फिल्म बनाई थी, जो सोशल मीडिया के फेसबुक समेत अन्य प्लेटफार्म पर खूब वायरल हुई। सोशल मीडिया पर कपड़ा व्यापारी चरणपाल की प्रतिभा को मिली सराहना से उत्साहित होेकर उन्होंने कोरोना काल के 2021 व 2022 में तीन और शॉर्ट फिल्में बनाई। इनमें से प्रमोशन नामक फिल्म ने सोशल मीडिया पर रिकॉर्डतोड़ सफलता हासिल की। इस फिल्म को थोड़े ही समय में 20 करोड़ से ज्यादा लोगों ने देखा था। इस संबंध में चरणपाल सिंह ने बताया कि वास्तव में तो उन्होंने शौकिया तौर पर ही पहली शॉर्ट फिल्म 2013 में द राइट वे…बनाई थी, लेकिन उस समय सोशल मीडिया में विभिन्न प्लेटफार्म के अभाव में वो चर्चा में नहीं आई। इसके बाद कोरोनाकाल में बनाई सभी फिल्मों को दर्शकों ने खूब देखा। फिर नवंबर में ही भठिंडा फिल्म फेस्टिवल में उनकी पहली फिल्म सरदारजी एंड एल्कोहल नॉमिनेट हुई।
15 शॉर्ट फिल्में की गई थीं शामिल :
सूरत से पहली शॉर्ट फिल्म के रूप में सरदारजी एंड एल्कोहल नॉमिनेट की गई थी। फेस्टिवल में कुल 15 शॉर्ट फिल्में नॉमिनेट हुई थीं। इनमें अजमेर, मुंबई, पुणे, चंडीगढ़, जालंधर, खराड़, अमृतसर, भठिंडा, मोहाली व खन्ना, कोलकाता, डेनमार्क के फ्रेड्रेक्सिवर्ग, आस्ट्रेलिया के सेमाफोरे, कनाड़ा के सुर्रे से शॉर्ट फिल्में नॉमिनेट की गई थीं। इस मौके पर पंजाबी व हिन्दी फिल्म जगत की कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद रही।
नॉमिनेशन से पहले 57 फिल्मों की स्क्रीनिंग :
दुबई में होने वाले पंजाब इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में अलग-अलग कैटेगरी में नॉमिनेट शॉर्ट फिल्मों की लुधियाना व चंडीगढ़ में स्क्रीनिंग की गई है। इस प्रक्रिया में 57 फिल्में शामिल थीं। स्क्रीनिंग के बाद पंजाब इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के लिए सूरत से दो शॉर्ट फिल्मों के रूप में प्रमोशन व सरदारजी एंड एल्कोहल को नॉमिनेट किया गया है। इन फिल्मों में अभिनय करने वाले कपड़ा व्यापारी चरणपाल सिंह के अलावा उनकी टीम के मनदीप बसरा, ध्रुव पांडव, कुणाल भाटिया अवार्ड फंक्शन में भाग लेने दुबई जाएंगे।
सामाजिक सरोकार रुचि का विषय :
कपड़ा व्यापारी समेत अन्य कलाकारों ने बताया कि ओटीटी प्लेटफार्म पर शॉर्ट फिल्म का चलन तेजी से बढ़ा है और इसमें बड़े-बड़े कलाकार अभिनय कर रहे हैं। ज्यादातर फिल्में सामाजिक संदेश से जुड़ी रहती हैं क्योंकि वो लोगों को जल्दी से छू जाती है। पिछले समय में उन्होंने ऐसी ही शॉर्ट फिल्म 2013 में द राइट वे, 2018 में सरदार नहीं सरदारजी, 2020 में कपड़ा नहीं, सर का ताज, 2021 में प्रमोशन, 2022 में चीट इमोशन व लास्ट सीन के अलावा हाल ही में सरदारजी एंड एल्कोहल बनाई है।
