मुंबई : आमतौर पर सेफ मानी जाने वाली आमची मुंबई में आपराधिक घटनाओं में इजाफा हुआ है। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार अपराध के दर्ज मामलों में दिल्ली के बाद मुंबई दूसरे नंबर पर है। एनसीआरबी ने 2022 में हुए देश भर में घटी आपराधिक घटनाओं पर आधारित आंकड़े जारी किए हैं। रिपोर्ट के अनुसार पिछले साल देश में कुल 58 लाख 24 हजार 946 अपराध दर्ज किए गए, जिनमें आईपीसी के तहत 35 लाख 61 हजार 379 अपराध और राज्य के विशेष कानूनों के तहत 22 लाख 63 हजार 364 अपराध शामिल हैं। हालांकि, 2021 की तुलना में 2022 में साढ़े 4 फीसदी अपराध बढ़े हैं। इनमें पूरे देश में उत्तर प्रदेश पहला, महाराष्ट्र दूसरा जबकि मध्यप्रदेश का तीसरा स्थान है।

महाराष्ट्र में पास्को के सर्वाधिक मामले
NCRB द्वारा जारी रिपोर्ट के मुताबिक, बाल शोषण (पॉक्सो) के सबसे ज्यादा 20 हजार 762 मामले महाराष्ट्र में दर्ज किए गए हैं। राज्य बाल शोषण के मामले में पहले स्थान पर है। इसके बाद मध्य प्रदेश में 20 हजार 415 अपराध दर्ज हैं। उत्तर प्रदेश (18682), राजस्थान (9370) दूसरे और पश्चिम बंगाल (8950) तीसरे स्थान पर हैं। बाल शोषण और उत्पीड़न के मामले में अन्य शहरों की तुलना में मुंबई दूसरे स्थान पर है। पहले नंबर पर दिल्ली में स7 हजार 400 और मुंबई में 3 हजार 178 मामले बाल शोषण के दर्ज हुए हैं।

रिपोर्ट के मुख्य बिंदु

  • देश में हत्या के 28522 मामले दर्ज किए गए, जो 2021 में 29272 थे।
  • 2021 की तुलना में हत्या के मामलों में 2022 में 2.6 फीसदी की कमी।
  • अपहरण के कुल 1 लाख 10 हजार 140 मामले, जिनमें 21278 पुरुष, 88861 महिलाएं।
  • महिलाओं के खिलाफ 4 लाख 45 हजार 256 अपराधों का रिकॉर्ड।
  • 2021 की तुलना में 2022 में 4 फीसदी की वृद्धि।
  • 1 लाख 62 हजार 449 अपराध बच्चों से दुर्व्यवहार का मामला।
  • बाल शोषण की घटनाओं में 8.7 फीसदी की बढ़ोतरी।
  • बुजुर्गों के उत्पीड़न के 28 हजार 545 मामले दर्ज किए गए।
  • वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़े केस 11.1 पर्सेंट बढ़े।
  • साइबर क्राइम में 24.4 पर्सेंट की हुई बढ़ोतरी।
  • देशभर से 4 लाख 42 हजार 572 नागरिक लापता हैं।
  • लापता लोगों में 1 लाख 49 हजार पुरुष, 2 लाख 93 हजार 500 महिलाएं।
  • देश भर में 83350 बच्चे भी लापता हैं।

पहले नंबर पर है यूपी

  • उत्तर प्रदेश में आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत 4 लाख 1 हजार 787 केस दर्ज।
  • 3 लाख 74 हजार 38 अपराधों के साथ महाराष्ट्र दूसरे स्थान पर है।
  • मध्य प्रदेश (298578), राजस्थान (236090), केरल (235858)।

शहरों में मुंबई दूसरे नंबर पर

  • दिल्ली में सबसे ज्यादा 2 लाख 98 हजार 988 अपराध।
  • मुंबई में दर्ज किए गए अपराध के 69 हजार 289 मामले।
  • बेंगलुरु तीसरे, जयपुर चौथे, अहमदाबाद पांचवें नंबर पर हैं।