Ghaziabad News: गोवा में छुट्टियां मनाने और वीडियो लाइक के बहाने 1.63 लाख ठगे

इंदिरापुरम। ठगों ने गौर ग्रीन सिटी की आयुषी गर्ग को वीडियो लाइक का टास्क और ज्ञानखंड-4 के निमेश को गोवा में छुट्टियां मनाने का झांसा देकर एक लाख 63 हजार रुपये ठग लिए। इंदिरापुरम पुलिस ठगी का मुकदमा दर्ज कर खाते में ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है। आयुषी ने पुलिस को बताया कि 30 अक्तूबर को उनके फोन पर मैसेज आया था, जिसमें वीडियो लाइक करने पर रकम कमाने की बात कही गई थी। बात होने पर आशिया नाम की युवती ने फोन नंबर टेलीग्राम पर जोड़ लिया। उसमें सभी सदस्यों को अलग-अलग टास्क दिए गए। उन्हें भी वीडियो लाइक करने पर कमीशन दिया लेकिन कुछ प्रक्रिया के बाद प्रीपेड टास्क के बहाने उनसे 93 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। दूसरे मामले में शुभम कुमार शाहू के नाम से कॉल आई। उसने उन्हें गोवा में छुट्टी मनाने के लिए पैकेज बताया। आरोप है कि ठग ने ऑनलाइन पैकेज के बहाने 70 हजार रुपये ट्रांसफर कराकर ठगी कर ली। इंदिरापुरम पुलिस का कहना है कि खातों से हुई ट्रांजेक्शन की डिटेल मंगवाई है। बैंक की डिटेल आने पर आगे जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *