दुबई एयरपोर्ट पर फंसीं बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनल चौहान, PM मोदी से लगाई मदद की गुहार

ईरान पर मिसाइल हमलों के बाद दुबई एयरपोर्ट पर सभी उड़ानें रोक दी गईं हैं. ऐसे में बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनल चौहान दुबई एयरपोर्ट पर फंस गई हैं. एक्ट्रेस ने पोस्ट कर भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई है.

अमेरिका और इजरायल के ईरान पर किए गए हमलों के बाद हालात बिगड़ते जा रहे हैं. अब इस तनाव का सीधा असर एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री पर भी पड़ा है. एक्ट्रेस और सिंगर सोनल चौहान दुबई एयरपोर्ट पर फंस गई हैं, उन्होंने X पर पोस्ट कर पीएम मोदी से गुहार लगाई है.

दरअसल अमेरिका-इजरायल के हमलों के बाद ईरान जवाबी एक्शन मोड में हैं. खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य अड्डों को ईरान सीधे निशाना बनाकर मिसाइलें दाग रहा है. दुबई में भी हमले किए जा रहे हैं. ऐसे में दुबई एयरपोर्ट और अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सभी उड़ानें रोक दी गई हैं.

एक्ट्रेस-सिंगर की पीएम से गुहार

ऐसे मुश्किल समय में एक्ट्रेस और सिंगर सोनल चौहान ने पीएम मोदी को टैग कर मदद की गुहार लगाई है. एक्ट्रेस ने पोस्ट कर लिखा, ‘माननीय PM मोदी जी, मैं अभी दुबई में चल रहे संकट की वजह से फंसा हुई हूं. फ़्लाइट्स कैंसिल हो गई हैं और भारत लौटने का कोई साफ रास्ता नहीं है. मैं घर वापस जाने के लिए सरकार से सुरक्षित यात्रा के लिए सम्मानपूर्वक मार्गदर्शन चाहती हूं. किसी भी मदद के लिए आभारी हूं.’

ईरान की जवाबी कार्रवाई के बाद दुबई इंटरनेशनल (DXB) और अल मकतूम इंटरनेशनल (DWC) जैसे दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है. सोनल चौहान भी उन्हीं हजारों यात्रियों में शामिल हैं जो अचानक आई इस मुश्किल के कारण बीच रास्ते में फंस गई हैं.

कौन हैं सोनल चौहान?

सोनल चौहान बॉलीवुड की एक जानी-मानी एक्ट्रेस, मॉडल और सिंगर हैं. जिन्होंने अपनी पहली ही फिल्म से दर्शकों के बीच एक खास पहचान बना ली थी. सोनल चौहान को सबसे ज्यादा फेम साल 2008 में आई फिल्म ‘जन्नत’ से मिला था, जिसमें वे इमरान हाशमी के साथ नजर आई थीं. आज भी उन्हें ‘जन्नत गर्ल’ के नाम से याद किया जाता है. सोनल सिर्फ एक्टिंग तक सीमित नहीं रहीं. वे एक बेहतरीन सिंगर भी हैं, उन्होंने अपनी फिल्म ‘अदा’ में गाना भी गाया है.

सोनल सिर्फ बॉलीवुड ही नहीं बल्कि साउथ फिल्मों में काफी चर्चित चेहरा है. कुछ समय पहले ही सोनल को प्रभास स्टारर मेगा-बजट फिल्म ‘आदिपुरुष’ और नागार्जुन की फिल्म ‘द घोस्ट’ में देखा गया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *