Mumbai: युवक ने नाबालिग से की दोस्ती, फिर रेप, गर्भवती होने पर आत्महत्या के लिए किया मजबूर

Mumbai Crime: मुंबई के करीब नवी मुंबई शहर से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नाबालिग लड़की से कथित तौर पर एक युवक ने पहले दोस्ती की और फिर उसके साथ कई बार बलात्कार किया। जब पीड़िता गर्भवती हो गयी तो आरोपी ने उसे जान देने पर मजबूर किया। पुलिस ने रेप और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में 23 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी एक स्कूल में चपरासी की नौकरी करता है।

पुलिस ने गोवंडी इलाके से शुक्रवार को आरोपी को 17 वर्षीय लड़की के साथ बार-बार बलात्कार करने, उसे गर्भवती करने और उसे आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। स्थानीय कोर्ट ने आरोपी को 5 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में भेजा है।

कोपरखैरणे थाने (Koparkhairane) के एक अधिकारी ने बताया कि मृतक लड़की की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को मुंबई के गोवंडी इलाके (Govandi) से गिरफ्तार किया है।

आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 305 (नाबालिग को आत्महत्या के लिए उकसाने), 376(2)(एन) (बार-बार दुष्कर्म) और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत केस दर्ज किया गया है।
आरोपी ने कथित तौर पर यह जानते हुए भी कि पीड़िता नाबालिग, उसके साथ बार-बार शारीरिक संबंध बनाये और जब वह गर्भवती हो गयी तो उससे पीछा छुड़ाने लगा। बाद में तनाव में आकर लड़की ने 28 नवंबर को अपने घर पर फांसी लगा ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *