Nagpur: कई महीनों तक मुफ्त में खाई तंबाकू-सुपारी, जब पैसे मांगे तो पत्थर से कुचल दिया सिर

Nagpur Crime: महाराष्ट्र के नागपुर से चौंका देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक शख्स ने पान की दुकान चलाने वाले युवक की इसलिए हत्या कर दी, क्योंकि उसने उधार में खिलाये गए तंबाकू और सुपारी के खर्रे के पैसे मांग लिए। पुलिस ने इस मामले में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, उधार के पैसे मांगने पर शख्स ने पान वाले की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। घटना सावनेर थाना क्षेत्र के सावरमेंढा की है। मृतक का नाम अंकित मनोज शाहू (उम्र 23 वर्ष) है। वहीँ, पुलिस ने आरोपी सागर रामचंद्र खानकुरे (उम्र 30 वर्ष) के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।

बताया जा रहा है कि मृतक अंकित के पिता मनोज शाहू खेती करते हैं। उसका बड़ा भाई सूरज शाहू एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। जबकि अंकित घर के सामने पान की छोटी से दुकान चलाता था। आरोप है कि सागर उससे उधार में खर्रा लेकर खाता था। ऐसे उस पर साढ़े तीन हजार रुपये का उधार हो गया। जब भी अंकित सागर से पैसे मांगता तो वह टालमटोल करता।
बुधवार शाम करीब 6 बजे सागर पान की दुकान पर आया। तब अंकित ने उससे (सागर) बकाया पैसे मांगे और उसकी मोटरसाइकिल की चाबी भी ले ली। अंकित ने उससे कहा कि जब तक वह पैसे नहीं देगा, वह चाबी नहीं लौटाएगा। जिसके बाद दोनों में तीखी बहस हो गयी। इस दौरान सागर ने अंकित को कथित तौर पर अंजाम भुगतने की चेतावनी भी दी।
इस बीच वहां अंकित की मां वहां आ गईं और उन्होंने बेटे से चाबी वापस करने को कहा। अंकित ने सागर को चाबी लौटा दी और सागर धमकी देते हुए वहां से चला गया। बाद में रात करीब 9 बजे सागर फिर अंकित की दुकान के पास आया। उसने अंकित को दुकान से बाहर बुलाया और पत्थर से उसका सिर कुचलकर हत्या कर दी। बुरी तरह जख्मी अंकित की मौके पर ही मौत हो गयी।
बाद में जब अंकित घर नहीं आया तो उसकी मां घटनास्थल पर आई। उन्होंने आरोपी सागर को वहां से मोटरसाइकिल लेकर भागते देखा। बेटे के लहूलुहान शव को देखकर वह जोर-जोर से रोने लगीं। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी भी मौके पर आ गए और अंकित को निजी अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *