10 दिन बाद जेल से बाहर आए राजपाल यादव? सलमान की मदद का दावा

राजपाल यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि एक्टर जेल से रिहा हो गए हैं और रिहा होने के बाद उन्होंने सलमान खान का शुक्रिया अदा किया है. इस वीडियो में कितनी सच्चाई है.

बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव बीते कुछ समय से सुर्खियों में हैं. चेक बाउंस केस मामले में उन्हें तिहाड़ जेल में सरेंडर करना पड़ा. राजपाल को जेल में बंद देख बॉलीवुड भी उनकी मदद को आगे आया. कई स्टार्स ने राजपाल की मदद करने का ऐलान किया. हर कोई इसी इंतजार में है कि राजपाल कब जेल से रिहा होंगे. मगर इसी बीच एक्टर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर दावा किया जा रहा है कि एक्टर रिहा हो गए हैं. इस वीडियो का सच क्या है?

क्यों वायरल हो रहा राजपाल का वीडियो?

राजपाल यादव वायरल वीडियो में जेल से रिहा होने की खुशी जाहिर करते हुए नजर आए. मीडिया संग बातचीत के दौरान उन्होंने बॉलीवुड के दबंग स्टार सलमान खान का भी शुक्रिया अदा किया. ऐसे में कई लोगों को लग रहा है कि सलमान खान ने राजपाल की जेल से बाहर आने में मदद की है. कमेंट सेक्शन में लोग सलमान की सराहना कर रहे हैं और राजपाल के रिहा होने पर खुशी जता रहे हैं.

राजपाल यादव वीडियो में कहते दिखे- सलमान भाई बड़े भाई की तरह हैं. सलमान भाई के साथ आज बैठ कर, अंदर से बहुत खुशी महसूस होती है. सलमान भाई जैसे इंसान अपनी इंडस्ट्री में बहुत कम हैं. वो हमेशा लोगों की मदद के लिए खड़े रहते हैं. हमने तो सलमान भाई के साथ कई फिल्में भी की हैं.

वायरल वीडियो का क्या है सच?

राजपाल यादव का जो वीडियो इंटरनेट पर वायरल है, उसे देखकर फैंस को लग रहा है कि एक्टर जेल से रिहा हो गए हैं. मगर इस बात में बिल्कुल भी सच्चाई नहीं है. एक्टर अभी भी जेल में बंद हैं. राजपाल का ये वीडियो अभी का नहीं है, बल्कि साल 2018 का है, जो सालों बाद अब वायरल हो रहा है.

क्या है पूरा मामला?

राजपाल यादव का केस साल 2010 का है. एक्टर पर करोड़ों का कर्ज है. दरअसल, उन्होंने डायरेक्टोरियल डेब्यू फिल्म ‘अता पता लापता’ बनाने के लिए 5 करोड़ रुपये लिए थे, लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिर गई. फिल्म फ्लॉप होने पर एक्टर को तगड़ा नुकसान हुआ. वो लिए हुए पैसे नहीं लौटा पाए. उन्होंने कई चेक तो दिए, मगर सभी बाउंस हो गए. ऐसे में एक्टर पर लीगल एक्शन लिया गया. राजपाल का लोन अब 9 करोड़ तक पहुंच गया है. इसी केस में वो जेल में बंद हैं.

हालांकि, उन्हें मुश्किल में देख कई बॉलीवुड सितारे उनकी मदद के लिए आगे आए हैं. सलमान खान, अजय देवगन, वरुण धवन, सोनू सूद समेत कई कलाकारों ने राजपाल की मदद करने का वादा किया है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *