बीमार बेटे से मिलने आया मुंबई का तड़ीपार ड्रग डीलर, लोगों ने पकड़कर पीटा

मुंबई : गोरेगांव पुलिस के तहत एक व्यक्ति की चार लोगों ने कथित तौर पर न सिर्फ पिटाई कर दी, बल्कि उसके मुंह पर पेशाब भी कर दिया। हालांकि, घटना का विडियो वायरल होने पर स्थानीय पुलिस ने संज्ञान लिया और सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। स्थानीय सूत्र बताते हैं कि आरोपियों के नाम समीर, बाला, आमिर और बादल हैं। इनके खिलाफ शानू (26) को कथित तौर पर नंगा कर उस पर चाकू से हमला करने के भी आरोप हैं। इसके अलावा, पीड़ित परिवार ने पुलिस में आरोपियों के खिलाफ शानू के मुंह पर कथित तौर पर पेशाब करने और उसके पास मौजूद फोन, चेन और कैश लूट लेने का भी आरोप लगाया है। यह घटना प्रेम नगर के गणेश नगर चाल की है।

पुलिस ने बताया बेबुनियाद
स्थानीय पुलिस का कहना है कि शानू का पृष्ठभूमि भी आपराधिक है। वह तड़ीपार अपराधी है और मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह वह अपने बीमार बच्चे को देखने के लिए पुलिस की गिरफ्तारी के डर से छिपकर घर आ रहा था। इसकी जानकारी चारों युवकों को हो गई और उन्होंने शानू को घेर कर वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, आरोपियों द्वारा शानू के मुंह पर पेशाब करने की घटना से पुलिस इनकार कर रही है।

‘दहशत कायम करना मकसद’
शानू के मोहल्ले वालों का कहना है कि इन सभी आरोपियों ने इलाके में दहशत कायम करने के मकसद से ऐसी हरकत को अंजाम दिया है, ताकि लोग इनसे डर कर रहें।

गोरेगांव पुलिस कर रही जांच
डीसीपी अजय बंसल ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इस घटना में पीड़ित खुद भी तड़ीपार और मादक पदार्थों का डीलर है। इसीलिए उसके खिलाफ भी मामला दर्ज गोरेगांव पुलिस जांच कर रही है। सूत्र बताते हैं कि तड़ीपार नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में शानू को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि चारों आरोपियों को थाने से ही जमानत मिल गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *