Navi Mumbai Crime: नवी मुंबई में क्रिप्टोकरेंसी के नाम पर धोखाधड़ी, लालच में लुट गए 4.07 लाख

ठाणे : नवी मुंबई (Navi Mumbai) के 38 वर्षीय व्यक्ति से तीन लोगों ने कथित तौर पर 4.07 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। आरोपियों ने व्यक्ति को अच्छे मुनाफे के झूठे वादे पर ‘बिटकॉइन ट्रेडिंग’ (Cryptocurrency) में पैसा लगाने का लालच दिया था। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं जिन्होंने एक कंपनी से जुड़े होने का दावा किया और व्यक्ति को ‘बिटकॉइन ट्रेडिंग’ में निवेश करने के लिए कंपनी का एक लिंक भेजा।
नवी मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि इस साल मार्च और जून के बीच छोटी अवधि में अच्छे मुनाफे का आश्वासन मिलने के बाद व्यक्ति ने डिजिटल मंच के माध्यम से 4,07,536 रुपये का निवेश किया। जब व्यक्ति ने वादे के मुताबिक मुनाफा मांगा तो आरोपियों ने उससे बातचीत करना बंद कर दिया।
इसके बाद व्यक्ति शिकायत लेकर नवी मुंबई में एपीएमसी पुलिस के पास पहुंचा जिसके आधार पर बुधवार को तीन आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी) और 34 (साझा इरादा) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *