300 की चोरी के लिए नाबालिग लड़के को बेल्ट से पीटा, निर्वस्त्र कर महिलाओं के सामने घुमाया

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कलवा इलाके में सिर्फ 300 रुपए के चोरी का इल्जाम लगाकर एक नाबालिग लड़के को बेरहमी से पीटा गया और फिर निर्वस्त्र कर इलाके में घुमाया गया. नाबालिग लड़के का वीडियो वायरल होने के बाद अब पुलिस हरकत में आई है और आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी है. अब तक पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है.

बता दें कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का पैतृक आवास भी कलवा शहर में ही है. बताया जा रहा है कि ये घटना भी मुख्यमंत्री के पैतृक आवास से कुछ दूरी पर घटी. शहर में जामा मस्जिद के पास एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़के की महज 300 रुपए के लेन-देन के मामले में दो लोगों ने पहले बेल्ट से जमकर पिटाई की. पिटाई करने से भी जब आरोपियों का मन नहीं भरा तो उन्होंने नाबालिग को निर्वस्त्र कर रास्ते में महिलाओं के सामने घुमाया.

नाबालिग ने थाने में दर्ज कराई FIR

दरअसल, नाबालिग लड़के की पिटाई का ये मामला बीते 21 नवंबर का है. घटना के बाद ही जब पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो नाबालिग कलवा पुलिस थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई. कलवा पुलिस ने बताया कि वायरल वीडियो भी संज्ञान में आया है. साथ ही नाबालिग ने थाने में दोनों आरोपियों तौसीफ खानबंदे और समिल खानबंदे के खिलाफ मामला दर्ज कराया है.

300 रुपए की चोरी के लिए की पिटाई

पीड़ित नाबालिग लड़के ने थाने में दी अपनी शिकायत में बताया कि उसे कलवा परिसर के जामा मस्जिद के पास जबरन बेल्ट से मारा-पीटा गया और निर्वस्त्र कर घुमाया गया. लड़के ने बताया कि तौसीफ खानबंदे और समिल खानबंदे ने उस पर 300 रुपए और ब्लूटूथ इयरफोन की चोरी का आरोप लगाया, जबकि उसने कोई चोरी नहीं की है.

पुलिस अधिकारी ने दी घटना की जानकारी

वहीं पुलिस की गिरफ्त में आए एक आरोपी ने कहा कि नाबालिग ने पैसे और ब्लूटूथ इयरफोन चुराया था. कलवा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक कन्हैया थोराट ने कहा कि मामले की वीडियो संज्ञान में लेकर एक आरोप को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरे की तलाश की जा रही है. साथ ही आरोपी से पूछताछ भी की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *