14.82 लाख राज्य कर्मचारियों को योगी सरकार का दिवाली गिफ्टबोनस देने का किया एलान, 1022 करोड़ रुपये खर्च करेगी सरकार

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के अवसर पर राज्य कर्मचारियों के लिए वित्तीय वर्ष 2024-25 का बोनस देने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने इसे कर्मचारियों के परिश्रम और निष्ठा के प्रति सरकार की सराहना का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारियों की प्रदेश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका है और सरकार हर स्तर पर उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

बोनस की राशि और पात्रता
वित्त विभाग के आदेश के अनुसार, राज्य सरकार के कर्मचारियों को उत्पादकता असम्बद्ध बोनस मंजूर किया गया है। इस बोनस की गणना मासिक परिलब्धियों की अधिकतम सीमा ₹7,000 के आधार पर 30 दिनों के लिए की गई है, जिससे प्रत्येक पात्र कर्मचारी को ₹6,908 का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली से पहले यह आर्थिक लाभ कर्मचारियों के परिवारों के लिए खुशी और उत्साह लेकर आएगा।

कुल लाभार्थी और व्ययभार
इस निर्णय से लगभग 14 लाख 82 हजार कर्मचारी लाभान्वित होंगे। कुल व्ययभार लगभग ₹1,022 करोड़ होगा। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि पात्र कर्मचारियों को बोनस का भुगतान समयबद्ध रूप से किया जाए ताकि सभी परिवार इस पर्व को उल्लासपूर्वक मना सकें।

पात्र कर्मचारियों का दायरा
अनुमन्य बोनस के दायरे में पूर्णकालिक अराजपत्रित कर्मचारी शामिल हैं, जिनके पद का वेतन मैट्रिक्स लेवल-8 (₹47,600-₹1,51,100) तक है। इसमें राज्य कर्मचारी, राज्य निधि से सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं के कर्मचारी, स्थानीय निकायों और जिला पंचायतों के कर्मचारी, राजकीय विभागों के कार्यप्रभारित एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी शामिल हैं। भारत सरकार ने भी वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए 29 सितंबर, 2025 तक बोनस प्रदान करने का निर्णय लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *