मुंबई में अभी खत्म नहीं होगा बारिश का दौर, IMD ने कर दी ‘भविष्यवाणी’; अगले 48 घंटे भारी

महाराष्ट्र के मुंबई शहर में लगातार तीसरे दिन भी भारी बारिश जारी रही, जिसके कारण मौसम विज्ञान विभाग ने शहर और उसके पड़ोसी जिलों ठाणे और पालघर के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है।

महाराष्ट्र के मुंबई शहर में लगातार तीसरे दिन भी भारी बारिश जारी रही, जिसके कारण मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शहर और उसके पड़ोसी जिलों ठाणे और पालघर के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में मुंबई और उसके आसपास के क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है। साथ ही रात में तेज हवाओं के साथ बहुत भारी बारिश हो सकती है। मुंबई और उसके आसपास का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

सांताक्रुज में सबसे अधिक बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में आज सुबह साढ़े आठ बजे तक उपनगरीय सांताक्रुज में 99 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। जबकि कोलाबा तटीय क्षेत्र में 38 मिमी की बारिश हुई। वृहत् मुंबई नगर निगम मौसम केंद्र के अनुसार, रविवार सुबह आठ बजे से लेकर सोमवार सुबह छह बजे तक पूर्वी उपनगरीय क्षेत्र में 60.57 मिमी बारिश हुई, जो औसत से बहुत अधिक है। वहीं पश्चिमी उपनगरीय क्षेत्र में 52.30 मिमी और द्विपीय क्षेत्र में औसतन 45 मिमी बारिश हुई।

गाड़ियों की रफ्तार बहुत धीमी

भारी बारिश के कारण मुंबई के निचले इलाकों में जलभराव होने के कारण अंधेरी के दोनों सबवे को वाहनों के आवागमन के लिए बंद कर दिया गया और उन्हें गोखले ब्रिज और ठाकरे ब्रिज की ओर मोड़ दिया गया। वकोला ब्रिज, हयात जंक्शन और खार सबवे में पानी भर जाने से वाहनों की रफ्तार बहुत धीमी पड़ गई है।

बारिश से रेल सेवा प्रभावित

सेंट्रल और हार्बर रेलवे के10 मिनट की देरी के साथ चलने से मुंबई की जीवन रेखा कही जाने वाली रेल सेवा भी प्रभावित हुई। इसके अलावा बारिश के कारण कई हवाई सेवा संचालकों ने यात्रियों को समय से पहले हवाई अड्डा पहुंचने की सलाह दी ताकि उनकी यात्रा में किसी तरह का व्यवधान न पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *