IND vs NZ : मुंबई पुलिस को मिली धमकी, ग्रेनेड-गन और बुलेट की फोटो भी टैग की

भारत और न्यूजीलैंड के बीच वर्ल्ड कप सेमी फाइनल का मैच मुंबई के वानखेड़े मैदान में आज खेला जाएगा। इस बीच मुंबई पुलिस को एक धमकी भरा संदेश मिला है। मुंबई पुलिस को मिले संदेश में कहा गया है कि वानखेड़े स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड मैच के दौरान एक नापाक घटना को अंजाम दिया जाएगा। जिस व्यक्ति ने मुंबई पुलिस को धमकी दी है उसने मुंबई पुलिस को भी टैग किया है और एक फोटो में बंदूक, ग्रेनेड और गोलियों की तस्वीर भी लगाई है।

मुंबई पुलिस ने बयान जारी कर दी जानकारी
मुंबई पुलिस ने अपने बयान में कहा, ”किसी अज्ञात व्यक्ति ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर मुंबई पुलिस को धमकी भरा संदेश पोस्ट किया कि आज वानखेड़े स्टेडियम में भारत बनाम न्यूजीलैंड के दौरान एक नापाक घटना को अंजाम दिया जाएगा। स्टेडियम के आसपास के इलाके में कड़ी निगरानी की जा रही है। उस व्यक्ति ने अपने पोस्ट पर मुंबई पुलिस को टैग किया है और एक फोटो में बंदूक, हथगोले और गोलियां दिखाई हैं।”

मुंबई पुलिस ने आगे बताया कि मुंबई क्राइम ब्रांच ने लातूर जिले से 17 साल के एक युवक को हिरासत में लिया। उसने धमकी भरा मैसेज क्यों पोस्ट किया, इसका पता अभी तक नहीं चल पाया है। आगे की जांच की जा रही है। पुलिस मामले की जांच के बाद इसके बारे में जानकारी देगी।
सेमीफाइनल में दूसरी बार भिड़ेंगी दोनों टीमें
9 मैच में नौ जीत के बाद भारतीय टीम ग्रुप चरण की अंक तालिका में शीर्ष पर रही है। वहीं न्यूजीलैंड चौथे स्थान पर रहकर सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई किया। यह लगातार दूसरी बार है जब ये दोनों टीमें वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में एक दूसरे के आमने-सामने हैं। न्यूजीलैंड टीम ने 2019 में पिछला सेमीफाइनल मुकाबला जीता था।
न्यूजीलैंड की टीम भी इस मैच में काफी आत्मविश्वास के साथ उतरेगी। उनके पास उतार-चढ़ाव का अनुभव है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में वे दुनिया की सबसे कंसिस्टेंट टीमों में से एक बनकर उभरी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *