अल कायदा की मास्टरमाइंड हुई गिरफ्तार

अहमदाबाद। ऑपरेशन सिंदूर के बाद सभी सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। देश की अलग-अलग जगहों पर ऑपरेट कर रहे आतंकी संगठनों से जुड़े एजेंट्स पर तेजी से शिकंजा कसा जा रहा है। तीन आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। गुजरात ATS ने बेंगलुरु से एक महिला को गिरफ्तार किया है, जिसका संबंध खूंखार आतंकी संगठन अल कायदा से बताया जा रहा है। महिला का नाम शमा परवीन है, जिसकी उम्र 30 साल है। गुजरात ATS ने खुफिया जानकारी के आधार पर शमा को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया है।

कैसे हुई गिरफ्तारी?
गुजरात ATS के DIG सुनील जोशी ने इसकी जानकारी दी है। उनके अनुसार, शमा परवीन भारत में अल कायदा की मास्टरमाइंड थी। वो बेंगलुरु से ऑपरेट कर रही थी। पिछले हफ्ते पुलिस ने अल कायदा के ही 3 आतंकियों को पकड़ा था। उनसे पूछताछ के दौरान पुलिस को शमा परवीन के बारे में पता चला और पुलिस ने बेंगलुरु में ही उसे धर दबोचा।

शमा ने कबूला गुनाह
गुजरात ATS की पूछताछ में शमा परवीन ने देश के खिलाफ साजिश रचने की बात कबूल की है। शमा ने माना है कि वो सोशल मीडिया पर जिहादी कंटेंट फैलाकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही थी। पुलिस को शमा के पास डिजिटल डेटा के रूप में बड़े सबूत भी हाथ लगे हैं।

शमा तक कैसे पहुंची पुलिस?
गुजरात ATS ने 21-22 जुलाई को अल कायदा के 4 आतंकियों को गिरफ्तार किया था। इस दौरान पुलिस को इनके पास से कई चीजें भी बरामद हुईं, जिससे यह सभी देश में जिहाद फैलाने की कोशिश कर रहे थे। इन्हें पुलिस ने अहमदाबाद, मोडासा, चांदनी चौक और नोएडा से पकड़ा था। चारों आतंकियों से पूछताछ के दौरान पुलिस इनके सोशल मीडिया अकाउंट्स तक पहुंची। चारों आतंकी सोशल मीडिया पर भड़काऊ भाषण, जिहादी कंटेंट और काफिरों के खिलाफ हिंसा जैसे कंटेंट शेयर करते थे। यह सारा कंटेंट ज्यादातर 5 इंस्टाग्राम अकाउंट्स से शेयर किए जाते थे। इन अकाउंट्स के जरिए यह आतंकी पाकिस्तान के भी संपर्क में थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *