SURAT NEWS : सूरत में फिर लूट के इरादे से आए पंजाबी गैंग के दो गिरफ्तार

सूरत. अडाजण में आठ लाख रुपए की लूट के बाद दीपावली पर फिर सूरत में बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से सूरत आए पंजाबी गैंग के दो जनों को क्राइम ब्रांच ने धर दबोचा। पुलिस को उनके कब्जे से एक लोडेड पिस्तौल, रिवॉल्वर व तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए है। पुलिस के मुताबिक आरोपी मनीष कुमार दुबे व शुभम कुमार रविदास दोनों उत्तरप्रदेश के मूल निवासी है और पंजाब के लुधियाणा शहर में रहते हैं।
शुभम हिस्ट्रीशीटर है, वह लुधियाणा में हत्या की कोशिश के मामले में पकड़ा जा चुका है। कुछ दिन पूर्व दोनों ने सूरत में किसी आंगडिया पेढ़ी या ज्वैलरी शॉप में लूट का प्लान बनाया। उसे अंजाम देने के लिए दोनों पंजाब से पिस्तौल व रिवॉल्वर लेकर सूरत आए थे। वे शहर के अलग-अलग इलाकों में रेकी कर रहे थे। उसी दौरान मुखबिर की सूचना पर दोनों को वेसू केनाल रोड से धर दबोचा। उनके कब्जे से घातक हथियार बरामद हुए। थाने लाकर की गई पूछताछ में उन्होंने अडाजण में लूट की वारदात को अंजाम देना भी कबूल किया।
अडाजण लूट के बाद से थी दोनों पर नजर
क्राइम ब्रांच ने बताया कि मनीष व शुभम ने दो माह पूर्व अडाजण में तंबाकू व्यापारी रविभाई पर चाकू से हमला कर आठ लाख रुपए नकद लूटे थे। उन्होंने रवि के यहां पूर्व में काम करने वाले रिंकू सोनी, अमूल मोहिते व सचिन तेलगू के कहने पर लूट का साजिश को अंजाम दिया था। रात में नकदी लेकर घर लौटते समय उन्होंने रवि को घेर कर उस पर चाकू से हमला किया और रुपए लूट कर फरार हो गए।
बाद में इस मामले में रिंकू समेत अन्य आरोपियों की लिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उनसे पूछताछ में दोनों के नाम सामने आने के बाद से क्राइम ब्रांच दोनों पर नजर रख रही थी। उनके सूरत लौटने की खबर मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *