ससुराल वालों ने दहेज के खातिर विवाहिता को तीन साल की बेटी के साथ तन्हा अकेले घर से निकाल दिया। पीड़िता जैसे-तैसे पुणे से अमरोहा तक पहुंची। दूसरी महिला के साथ संबंध होने के चलते पति का उसके साथ रवैय्या भी ठीक नहीं था। शादी के बाद से ही उस पर नजर रखने वाला ननदोई अक्सर छेड़छाड़ करता था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति व सास-ससुर समेत पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह मामला शहर के एक मोहल्ले से जुड़ा है। यहां पर रहने वाले एक व्यक्ति ने 23 मई 2019 को अपनी बेटी की शादी महाराष्ट्र के पुणे में रहने वाले एक युवक के साथ की थी। हैसियत के मुताबिक दान-दहेज देकर बेटी को शहर से विदा किया था लेकिन शादी के कुछ दिन बाद से ही विवाहिता को ससुराल में दहेज प्रताड़ना का शिकार बनना पड़ा। आरोप है कि ताने देते हुए ससुराल पक्ष के लोगों ने मायके से सात लाख रुपये और बुलट दिलाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। विरोध करने पर सभी लोग विवाहिता के साथ मारपीट करते थे। इसी दौरान पीड़िता ने एक बेटी को भी जन्म दिया लेकिन बावजूद इसके ससुराल वालों का व्यवहार नहीं बदला। पीड़िता का आरोप है पति का दूसरी महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसके चलते वह कभी उसे नजर में नहीं लाया जबकि ननदोई शादी के बाद से ही उस पर गलत नजर रखता था, वह जब भी घर आता था मौका मिलने पर उसके साथ छेड़छाड़ करता था। बीते दिनों विवाहिता को बेटी के साथ तन्हा अकेले घर से निकाल दिया गया वह जैसे-तैसे अमरोहा में अपने घर तक पहुंची। पीड़िता ने मामले की शिकायत शहर कोतवाली में की थी। प्रभारी निरीक्षक सनोज प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति व सास-ससुर के अलावा ननद-ननदोई के खिलाफ मारपीट, दहेज एक्ट व छेड़छाड़ के आरोप में रिपोर्ट दर्ज जांच शुरू कर दी गई है।