मुकेश अंबानी को धमकी देने के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने गुजरात से एक युवक को किया गिरफ्तार

गांधीनगर: रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी को धमकी भरे मेल मिले, जिसमें उनसे 400 करोड़ रुपये की फिरौती भी मांगी गई थी. इस मामले में मुंबई पुलिस ने एक आरोपी को तेलंगाना से गिरफ्तार किया है. अब पुलिस की जांच में मामले का गुजरात कनेक्शन सामने आया है. बताया जा रहा है कि इस मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने कलोल से एक पुलिसकर्मी के बेटे को हिरासत में लिया है.इस केस की जांच के लिए मुंबई क्राइम ब्रांच गांधीनगर आ पहुंची थी. मुंबई पुलिस ने जगत सिंह खाट नाम के युवक को कलोल से गिरफ्तार किया. अब पुलिस इस युवक को पूछताछ के लिए मुंबई ले गई है. आशंका जताई जा रही है कि इस युवक की आईडी हैक कर ली गई थी. हैक की गई आईडी से ही मुकेश अंबानी को धमकी भरे मेल भेजे गए. मुंबई साइबर सेल इस मामले की गहनता से जांच कर रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक के पिता गांधीनगर के कलोल पुलिस लाइन में रहते हैं और गांधीनगर पुलिस में ही ड्यूटी पर तैनात हैं. पुलिसकर्मी के क्वार्टर में ताला लगा मिला. पुलिसकर्मी के परिवार समेत पलायन करने की बात भी सामने आ रही है. पड़ोस में रहने वाले पुलिस कर्मियों के परिवार वालों को भी उनके जाने की कोई जानकारी नहीं है. हालांकि पुलिस उनकी तलाश कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *